एंटिगा, 12 अप्रैल (आईएएनएस)। वेस्टइंडीज के साथ सोमवार से शुरू हो रहे पहले टेस्ट से पूर्व इंग्लैंड के तेज गेंदबाज स्टुअर्ट ब्रॉड ने कहा कि टीम के कप्तान एलिस्टर कुक आत्मविश्वास से भरे हुए हैं और उन्हें पूरा विश्वास है कि इंग्लिश कप्तान इस श्रृंखला में ज्यादा से ज्यादा रन बनाने में सफल होंगे।
समाचार पत्र ‘डेलीमेल’ के ऑनलाइन संस्करण के अनुसार ब्रॉड ने कहा, “कुक आत्मविश्वासे से भरे हुए और तरोताजा लग रहे हैं। वह खुश लग रहे हैं कि टीम में वापसी को लेकर बेहद उत्साहित हैं।”
ब्रॉड ने टीम के साथी तेज गेंदबाज जेम्स एंडरसन को भी बधाई दी जो सोमवार को अपना 100वां टेस्ट खेलने उतरेंगे।
ब्रॉड ने कहा, “एंडरसन मेरे सबसे अच्छे दोस्तों में से एक हैं। हमने साथ में कई मैच खेले हैं और अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट में उन्होंने हर मोड़ पर मेरा मार्गदर्शन किया है।”
आस्ट्रेलिया के दिग्गज खिलाड़ी और कमेंटेटर रिची बेनो के हाल में हुए निधन पर ब्रॉड ने उन्हें याद करते हुए कहा, “मैं 1986-87 के एशेज श्रृंखला में अपने पिता द्वारा खेले गए मैचों के वीडियो हमेशा देखता हूं और उसमें रिची की बतौर कमेंटेटर आवाज मुझे याद है। मुझे नहीं लगता कि दुनिया में कोई ऐसा क्रिकेट प्रशंसक होगा जिसको रिची के निधन का दुख नहीं हुआ।”
dharmpath.com dharmpath