हिलेरी ने हमारा लोगो चुराया : विकिलीक्स

वाशिंगटन, 13 अप्रैल (आईएएनएस)। गोपनीय जानकारियों को सार्वजनिक करने का अभियान चलाने वाले विकिलीक्स ने अमेरिका की पूर्व प्रथम महिला व विदेश सचिव हिलेरी क्लिंटन पर आरोप लगाया है कि उन्होंने 2016 में होने वाले राष्ट्रपति चुनाव के लिए उनका ट्विटर लोगो चुराया है।

समाचार पत्र डेली मेल द्वारा सोमवार को जारी एक रपट के मुताबिक, जूलियन असांज के नेतृत्व वाले संगठन ने रविवार को हिलेरी क्लिंटन पर अपने लोगो के लिए उनका निशान चुराने का आरोप लगाया।

विकिलीक्स ने ट्वीट किया है, “हिलेरी क्लिंटन ने विकिलीक्स के ट्विटर लोगो की डिजाइन चुराई है।”

विकिलीक्स ने ट्वीट में अपने लोगो को क्लिंटन के अभियान में इस्तेमाल में लाए जाने वाले लोगो को एक साथ रखकर उसकी तुलना की।

विकिलीक्स के लोगो में एक समय सूचक है, जिसमें दो ग्लोब हैं। ऊपर के ग्लोब को लाल रंग के तीर के निशान के साथ नीचे के ग्लोब पर टपकता दिखाया गया है। वहीं क्लिंटन के लोगो में लाल रंग का तीर का एक निशान ब्लू रंग का एक ‘एच’ निशान बना रहा है।

लोगो के चयन के लिए क्लिंटन इस साल आलोचना का शिकार होने वाली अकेली राजनीतिज्ञ नहीं हैं।

इस साल के प्रारंभ में अमेरिकी सीनेटर रैंड पाल पर भी लोगो चुराने का आरोप लग चुका है।

राष्ट्रपति पद के लिए चुनाव अभियान की रविवार को शुरुआत करते हुए क्लिंटन ने कहा, “मैं राष्ट्रपति पद का चुनाव लड़ रही हूं। अमेरिका को हर दिन एक चैंपियन की जरूरत होती है और मैं वह चैंपियन बनना चाहती हूं।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493