हेलसिंकी, 15 अप्रैल (आईएएनएस)। फिनलैंड की प्रसिद्ध मोबाइल हैंडसेट निर्माता कंपनी नोकिया ने बुधवार को फ्रांस की कंपनी अल्काटेल ल्यूसेंट का अधिग्रहण करने की घोषणा की। इस अधिग्रहण के लिए 15.6 अरब यूरो (16.6 अरब डॉलर) का मूल्य लगाया गया है।
समाचा एजेंसी एफे के मुताबिक, मूल्य का भुगतान शेयरों के जरिए होगा, जिसके तहत अल्काटेल ल्यूसेंट के पुराने शेयरधारकों को प्रत्येक शेयर की एवज में नई कंपनी का 0.55 शेयर आवंटित किया जाएगा।
विलय के बाद बनने वाली कंपनी में नोकिया के शेयरधारकों की 66.5 फीसदी और अल्काटेल ल्यूसेंट के शेयरधारकों की 33.5 फीसदी हिस्सेदारी होगी।
नई कंपनी का नाम होगा नोकिया कॉरपोरेशन और उसका मुख्यालय फिनलैंड में होगा। यह स्वीडन के एरिक्शन के बाद लगभग 26 अरब यूरो बिक्री के साथ दुनिया की दूसरी सबसे बड़ी हैंडसेट निर्माता कंपनी होगी।
नोकिया के अध्यक्ष और मुख्य कार्यकारी अधिकारी राजीव सूरी ने कहा, “अल्काटेल ल्यूसेंट और नोकिया एक साथ अगली पीढ़ी की नेटवर्क प्रौद्योगिकी और सेवा का नेतृत्व करना चाहती हैं और इससे लोग चाहे जहां कहीं भी रहें उनके बीच निर्बाध संपर्क रहेगा।”
dharmpath.com dharmpath