पुणे, 15 अप्रैल (आईएएनएस)। दिल्ली डेयरडेविल्स के तेज गेंदबाज डोमनिक जोसेफ ने बुधवार को कहा कि टीम के साथ जुड़े अनुभवी तेज गेंदबाज जहीर खान से उन्हें अंतर्राष्ट्रीय बल्लेबाजों के खिलाफ गेंदबाजी करने को लेकर काफी कुछ सीखने को मिला है।
आईपीएल की आधिकारिक वेबसाइट के अनुसार जोसेफ ने कहा, “पहले मैं स्थानीय खिलाड़ियों के साथ खेलता था, लेकिन अब अंतर्राष्ट्रीय खिलाड़ियों के खिलाफ खेल रहा हूं। ऐसे में जहीर खान ने मुझे काफी कुछ सीखाया है और मुझे सलाह दी है कि मैं सभी बल्लेबाजों के खेलने के तरीकों और उनकी क्षमताओं पर ध्यान दूं। उन्होंने मुझे यह भी बताया है कि किसी बल्लेबाज को कौन सी गेंद डाली जानी चाहिए।”
जोसेफ ने साथ ही कहा कि कोच गैरी कस्र्टेन ने उन्हें बताया कि रणजी में उनके प्रदर्शन को देखने के बाद ही फ्रेंचाइजी में शामिल करने का फैसला लिया गया।
जोसेफ ने कहा, “मैंने कस्र्टेन से बहुत कुछ सीखा है। वह बहुत अच्छे कोच हैं और हमेशा सभी का मनोबल बढ़ाते रहते हैं।”
जोसेफ के अनुसार टीम के सभी खिलाड़ी आईपीएल में अभी अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं लेकिन जीत बहुत करीब आकर भी नहीं मिल पा रही है। जोसेफ के मुताबिक एक जीत के बाद टीम अपना लय हासिल कर लेगी।
डेयरडेविल्स टीम को बुधवार को ही पुणे के महाराष्ट्र क्रिकेट संघ स्टेडियम में किंग्स इलेवन पंजाब के खिलाफ अपना तीसरा मैच खेलना है।
dharmpath.com dharmpath