नॉर्थ साउंड टेस्ट : वेस्टइंडीज के सामने 438 रनों का लक्ष्य

नॉर्थ साउंड (एंटिगा), 17 अप्रैल (आईएएनएस)। सर विवियन रिचर्ड्स स्टेडियम में जारी पहले टेस्ट मैच में इंग्लैंड द्वारा रखे गए 438 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी मेजबान वेस्टइंडीज टीम ने चौथे दिन गुरुवार का खेल खत्म होने तक दो विकेट के नुकसान पर 98 रन बना लिए हैं।

सलामी बल्लेबाज डेवन स्मिथ 59 और मार्लन सैमुअल्स दो रन बनाकर नाबाद हैं। वेस्टइंडीज को जीत के लिए और 340 रनों की जरूरत है और उसके आठ विकेट शेष हैं।

इंग्लैंड के स्टुअर्ट ब्रॉड ने क्रेग ब्राथवेट (5) को आउट कर इंग्लैंड को पहली सफलता दिलाई। जोए रूट ने डारेन ब्रावो (32) का विकेट लिया। पवेलियन लौटने से पूर्व ब्रावो ने स्मिथ के साथ दूसरे विकेट के लिए 83 रनों की साझेदारी की।

इससे पूर्व तीसरे दिन के तीन विकेट के नुकसान पर 116 रनों से आगे खेलने उतरी इंग्लिश टीम ने सात विकेट के नुकसान पर 333 रन बनाकर अपनी दूसरी पारी घोषित कर दी। चौथे विकेट के लिए गैरी बैलेंस (122) और रूट (59) ने 114 रनों की साझेदारी की। रूट के पवेलियन लौटने के बाद बैलेंस ने बेन स्टोक्स (35) के साथ पांचवें विकेट के लिए 60 और फिर जोस बटलर (59 नाबाद) के साथ 55 रनों की साझेदारी की।

क्रिस जोर्डन ने 13 रनों का योगदान दिया। उनके आउट होते ही इंग्लैंड की पारी समाप्ति की घोषित कर दी। बैलेंस ने 250 गेंदों की पारी में 11 चौके और दो छक्के लगाए। बैलेंस का यह तीसरा टेस्ट शतक है।

वेस्टइंडीज की ओर से जेरोम टेलर और सुलेमान बेन ने दो-दो विकेट हासिल किए। कोमार रोच और जेसन होल्डर को एक-एक सफलता मिली।

गौरतलब है कि इंग्लैंड ने पहली पारी में इयान बेल के 143 रनों की मदद से 399 रन बनाए थे। जवाब में कैरेबियाई टीम केवल 295 रनों पर सिमट गई थी। वेस्टइंडीज की ओर से जर्मेन ब्लैकवुड ने पहली पारी में 112 रनों की नाबाद पारी खेली थी।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493