नॉर्थ साउंड (एंटिगा), 17 अप्रैल (आईएएनएस)। वेस्टइंडीज के खिलाफ तीन मैचों की टेस्ट श्रृंखला ‘विजडेन ट्रॉफी’ के पहले टेस्ट मैच में अब तक तीन विकेट हासिल कर चुके जेम्स एंडरसन इयान बॉथम के साथ संयुक्त रूप से इंग्लैंड के सर्वाधिक विकेट लेने वाले गेंदबाज बन गए।
पहले टेस्ट मैच के चौथे दिन गुरुवार को कैरेबियाई टीम की दूसरी पारी में मार्लन सैमुअल्स का विकेट लेने के साथ ही एंडरसन ने इंग्लैंड के लिए टेस्ट करियर का 383वां विकेट हासिल कर लिया और बॉथम के 30 वर्ष पुराने रिकॉर्ड की बराबरी कर ली।
दिग्गज गेंदबाज बॉथम ने 1977 से 1992 के बीच 102 टेस्ट मैचों में 383 विकेट हासिल किए और 30 वर्षो से इंग्लैंड के सर्वाधिक विकेट चटकाने वाले गेंदबाजी बने हुए हैं।
एंडरसन ने यह 100वें टेस्ट मैच में यह उपलब्धि हासिल की और मैच के पांचवें दिन अब उनकी निगाह इंग्लैंड के लिए टेस्ट मैचौं में सर्वाधिक विकेट लेने वाले गेंदबाज बनने पर रहेगी।
इंग्लैंड ने मैच पर अपना शिकंजा कस लिया है और उसे जीत हासिल करने के लिए मैच के आखिरी दिन कैरेबियाई टीम के शेष आठ विकेट चटकाने हैं।
सर विवियन रिचर्ड्स स्टेडियम में जारी पहले टेस्ट मैच में चौथी पारी में मिले 438 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए मेजबान वेस्टइंडीज टीम ने चौथे दिन का खेल खत्म होने तक दो विकेट के नुकसान पर 98 रन बना लिए हैं। हालांकि उन्हें जीत के लिए अभी 340 रनों की और जरूरत है।
इंग्लैंड ने इयान बेल (133) की बदौलत पहली पारी में 399 रन बनाए, जबकि गैरी बालांस (122) की बदौलत सात विकेट पर 333 रन बनाकर दूसरी पारी घोषित कर दी। वेस्टइंडीज पहली पारी में जर्मेन ब्लैकवुड की बदौलत 295 रन बना सका था।
dharmpath.com dharmpath