बंगाल के दिवंगत अंकित को नाइट राइडर्स, डेयरडेविल्स ने दी श्रद्धांजलि

नई दिल्ली, 20 अप्रैल (आईएएनएस)। खेल के दौरान लगी चोट के कारण दिवंगत हुए बंगाल के युवा क्रिकेट खिलाड़ी अंकित केसरी को फिरोजशाह कोटला स्टेडियम में सोमवार को इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के आठवें संस्करण का 17वां मैच खेलने उतरी कोलकाता नाइट राइडर्स और दिल्ली डेयरडेविल्स टीम ने दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि दी।

क्षेत्ररक्षण के दौरान गंभीर रूप से चोटिल हुए बंगाल क्रिकेट टीम के पूर्व अंडर-19 कप्तान अंकित केसरी का सोमवार तड़के एक निजी अस्पताल में निधन हो गया।

अंकित को शुक्रवार को कोलकाता के जाधवपुर विश्वविद्यालय स्टेडियम में ईस्ट बंगाल और भवानीपुर के बीच खेले जा रहे बंगाल क्रिकेट संघ (सीएबी) के नॉकआउट मैच के दौरान चोट लगी थी। वह एक कैच पकड़ने के प्रयास में अपनी साथी खिलाड़ी सौरभ मंडल से टकरा गए थे।

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी सहित दिग्गज क्रिकेट खिलाड़ी सचिन तेंदुलकर और अनिल कुंबले ने भी अंकित के निधन पर शोक जताया है।

बनर्जी ने सोशल साइट ट्विटर के जरिए अपना दुख जताते हुए लिखा, “युवा क्रिकेट खिलाड़ी अंकित की मौत स्तब्ध करने वाली एक दुखद घटना है। उन्हें मेरी श्रद्धांजलि।”

बॉलीवुड स्टार और इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) की फ्रेंचाइजी कोलकाता नाइट राइडर्स के सह-मालिक शाहरूख खान ने भी ट्वीट कर अंकित के निधन पर शोक जताया।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493