कुआलालंपुर, 21 अप्रैल (आईएएनएस)। मलेशिया की एक अदालत ने लापता विमान मलेशिया एयरलाइंस एमएच370 में सवार एक यात्री के दो बच्चों द्वारा दायर याचिका की सुनवाई 15 मई को निर्धारित की है। यह विमान पिछले एक साल से भी ज्यादा समय से लापता है।
एमएच370 विमान आठ मार्च, 2014 को कुआलालंपुर से बीजिंग जाते वक्त लापता हो गया था। इसमें 239 यात्री सवार थे। हिंद महासागर में विमान के मलबे की तलाशी जारी है, लेकिन अभी तक विमान के मलबे या इसके यात्रियों का कोई सुराग नहीं मिला है।
‘मलेशियन स्टार’ के मुताबिक, एमएच370 विमान में सवार एक यात्री के दो बच्चों ने अक्टूबर 2014 में मलेशिया एयरलाइंस सिस्टम (एमएएस),
नागरिक उड्डयन विभाग (डीसीए) के महानिदेशक, आव्रजन महानिदेशक, रॉयल मलेशियन एयर फोर्स (आरएमएएफ) के प्रमुख और सरकार के खिलाफ मुकदमा दायर किया था।
इन बच्चों की उम्र क्रमश: 14 और 12 वर्ष है।
अभियुक्तों के वकील अरुनन सेल्वाराज ने कहा कि पक्षों ने मामले के प्रबंधन के लिए नई तारीख का आग्रह किया था, क्योंकि इस संबंध में कई मुद्दों को सुलझाए जाने की जरूरत थी।
अपने बयान में बच्चों ने कहा है कि उनके पिता जी जिंग हांग (41) ने हवाई यात्रा के किराए के भुगतान के समय बीजिंग की सुरक्षित यात्रा के लिए एमएएस के साथ करार किया था।
बच्चों ने कहा है कि विमान आठ मार्च को बीजिंग में सुरक्षित रूप से विमान उतारने में असफल रहा। इसलिए एमएएस ने समझौते का उल्लंघन किया है।
dharmpath.com dharmpath