आईपीएल : सनराइजर्स करेंगे जीत की ओर लौटने का प्रयास

विशाखापट्टनम, 22 अप्रैल (आईएएनएस)। मौजूदा चैम्पियन कोलकाता नाइट राइडर्स टीम बुधवार को वाईएस राजशेखर रेड्डी एसीए वीडीए स्टेडियम में डेविड वार्नर के नेतृत्व वाली सनराइजर्स हैदराबाद टीम से भिड़ेगी।

शानदार लय में नजर आ रही नाइट राइडर्स को इस सत्र में अब तक एकमात्र हार रॉयल चैलेंजर्स के खिलाफ खिलाफ मिली है जहां क्रिस गेल ने अकेले दम पर उससे मैच छीन लिया।

बाकी के तीन मैचों में नाइट राइडर्स प्रभावी जीत हासिल करने में कामयाब रहे। नाइट राइडर्स ने सोमवार रात भी शानदार प्रदर्शन किया और दिल्ली डेयरडेविल्स को आठ विकेट के नुकसान पर 146 रनों पर रोकने में कामयाब रहा।

इसके बाद टीम ने 11 गेंद शेष रहते छह विकेट से आसान जीत दर्ज की। कप्तान गौतम गंभीर ने इस मैच में 60 जबकि यूसुफ पठान ने 40 रनों की नाबाद पारी खेली।

नाइट राइडर्स के लिए सबसे अच्छी बात यह है कि टीम के कप्तान गंभीर शानदार फॉर्म में चल रहे हैं और तीन अर्धशतक लगा चुके हैं। रोबिन उथप्पा और मनीष पांडे अब भी जूझते नजर आए हैं। ऐसे में उनकी कोशिश वापस अपनी लय हासिल करने की होगी।

साथ ही पठान और आंद्रे रसेल सनराइजर्स के गेंदबाजों के लिए खतरा होंगे।

दूसरी ओर, इस संस्करण में चार मैच खेल चुकी सनराइजर्स को करीब-करीब सभी मैचों में संघर्ष करना पड़ा है। टीम को एक मात्र जीत रॉयल चैलेंजर्स के खिलाफ मिली जिसमें सलामी बल्लेबाज के तौर पर वार्नर और शिखर धवन 166 रनों की साझेदारी करने में कामयाब रहे।

दिल्ली डेयरडेविल्स के खिलाफ पिछले मैच में सनराइजर्स जीत के बेहद करीब पहुंचने में कामयाब रहे। आखिरी ओवर में हालांकि आस्ट्रेलिया के नेथन कोल्टर नील ने बेहतरीन गेंदबाजी कर मैच डेयरडेविल्स के नाम कर दिया।

बहरहाल, सनराइजर्स को भले ही इस संस्करण में अभी तक संघर्ष का सामना करना पड़ा हो लेकिन टी-20 ऐसा प्रारूप है जहां बाजी हर पल बदलती है। वार्नर और धवन अगर टीम को अच्छी शुरुआत दिलाते हैं, तथा रवि बोपारा और लोकेश राहुल उस पारी को सफलतापूर्वक आगे बढ़ाते हैं तो नतीजे चौंकाने वाले भी हो सकते हैं।

सनराइजर्स में गेंदबाजी का दारोमदार दक्षिण अफ्रीका के डेल स्टेन, भुवनेश्वर कुमार और प्रवीण कुमार जैसे खिलाड़ियों पर होगी।

वहीं, नाइट राइडर्स में गेंदबाजी दिग्गज स्पिनर सुनील नरेन सहित तेज गेंदबाज उमेश यादव और मोर्ने मोर्कल पर टिकी होगी। उमेश और मोर्कल इस संस्करण में अब तक कुल मिलाकर 12 विकेट हासिल कर चुके हैं।

कोलकाता नाइट राइडर्स : गौतम गंभीर (कप्तान), सुनील नरेन, रोबिन उथप्पा, पीयुष चावला, यूसुफ पठान, उमेश यादव, मनीष पांडे, सूर्यकुमार यादव, वीर प्रताप सिंह, कुलदीप सिंह, सुमीत नरवाल, शिल्डन जैक्सन, आदित्य गढवाल, केसी करियप्पा, वैभव रावल, मनीष पांडे, शाकिब अल हसन, मोर्ने मोर्कल, पैट कमिस, रायन टेन डसकेट, आंद्र रसेल, ब्रैड हॉज, अजहर महमूद, जोहान बोथा।

सनराइजर्स हैदराबाद : आशीष रेड्डी, शिखर धवन, चामा मिलिंद, भुवनेश्वर कुमार, इशांत शर्मा, लोकेश राहुल, कर्ण शर्मा, नमन ओझा, परवेज रसूल, लक्ष्मी रत्न शुक्ला, प्रवीण कुमार, प्रशांत पद्मनाभम, हनुमान विहारी, सिद्धार्थ कौल, डेविड वार्नर (कप्तान), डेल स्टेन, मोएसिस हेनरिक्स, रिकी भुई, केन विलियमसन, इयान मोर्गन, रवि बोपारा, ट्रेंट बाउल्ट।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493