वाशिंगटन, 22 अप्रैल (आईएएनएस)। अमेरिका ने सोमाली आतंकवादी गुट अल शबाब के दो नेताओं को आतंकवादी करार देते हुए काली सूची में शामिल किया है।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ के मुताबिक, अल शबाब के नेता अहमद दिरीय और गुट के खुफिया विभाग के सदस्य महद काराते को अमेरिकी विदेश मंत्रालय ने काली सूची में शामिल कर लिया है।
इस कार्रवाई के बाद अब दिरीय और काराते की अमेरिका के अधिकार क्षेत्र में आने वाली किसी भी संपत्ति को कुर्क कर दिया जाएगा। यही नहीं अमेरिकी नागरिकों के साथ इन दोनों के किसी तरह के लेनदेन को भी प्रतिबंधित कर दिया जाएगा।
अल शबाब के इन दोनों नेताओं को काली सूची में शामिल करने का फैसला उत्तर-पूर्वी सोमालिया में संयुक्त राष्ट्र के वाहन पर हुए हमले के बाद किया गया। इस हमले में सात लोग मारे गए थे। अल शबाब ने इस हमले की जिम्मेदारी ली थी।
अमेरिकी विदेश मंत्रालय ने मार्च 2008 से ही अल शबाब को आतंकवादी गुट घोषित कर रखा है।
dharmpath.com dharmpath