मुंबई, 22 अप्रैल (आईएएनएस)। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीए) के जारी संस्करण के इस सप्ताहांत में गुजरात के नाडियाड और आंध्र प्रदेश के गुंटूर में आईपीएल ‘फैन पार्क’ आयोजित किया जाएगा।
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के सचिव अनुराग ठाकुर ने बुधवार को एक विज्ञप्ति जारी कर बताया कि इन दोनों शहरों में इस सप्ताहांत शनिवार और रविवार को यह फैन पार्क दोपहर दो बजे से आयोजित होंगे।
नाडियाड में इसे कॉलेज रोड स्थित खेड़ा जिला क्रिकेट संघ परिसर में आयोजित किया जाएगा। गुंटूर में यह ‘फैन पार्क’ साई नगर स्थित बी. आर. स्टेडियम में आयोजित होगा।
आईपीएल में इस शनिवार को पहला मैच शाम चार बजे से मुंबई इंडियंस और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच खेला जाना है। इसके बाद रात आठ बजे से किंग्स इलेवन पंजाब और चेन्नई सुपरकिंग्स टीम आमने-सामने होंगी।
अगले दिन रविवार को शाम चार बजे मौजूदा चैम्पियन कोलकाता नाइट राइडर्स और राजस्थान रॉयल्स के बीच मैच होगा, जबकि रात आठ बजे दिल्ली डेयरडेविल्स और रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर की टीमें एक-दूसरे के खिलाफ खेलेंगी।
dharmpath.com dharmpath