नई दिल्ली, 23 अप्रैल (आईएएनएस)। ऑस्कर विजेता ‘स्लमडॉग मिलियनेयर’ फिल्म से प्रसिद्धि पाने वाली अभिनेत्री फ्रीडा पिंटो व्यस्तता के चलते इस साल 68वें कान्स अंतर्राष्ट्रीय फिल्म उत्सव में शिरकत नहीं कर पाएंगी।
फ्रीडा ने 2012 में वैश्विक सौंदर्य उत्पाद लोरियाल पेरिस की ब्रांड एंबेसडर के रूप में कान्स अंतर्राष्ट्रीय फिल्मोत्सव में रेड कारपेट पर पहली उपस्थिति दर्ज कराई थी।
लोरियाल पेरिस (इंडिया) की महाप्रबंधक मनाशी गुहा ने एक बयान में कहा, “फ्रीडा एक खूबसूरत एवं मूल्यवान महिला हैं। हमारे भारतीय उपभोक्ता फ्रीडा को कान्स रेड कारपेट पर देखने की प्रतीक्षा करते हैं। फ्रेंच रिवेएरा में उन्हें ऐश्वर्य राय बच्चन, सोनम कपूर और कैटरीना कैफ के साथ देखना सुखद होगा, लेकिन बदकिस्मती से इस साल वह समारोह में शामिल नहीं हो पाएंगी।”
कहा गया, “हम यकीनन वर्ष 2016 में ब्रांड की बाकी भारतीय एंबेसडरों के साथ उनके जुटने की उम्मीद करते हैं।”
कान्स अंतर्राष्ट्रीय फिल्मोत्सव 13 से 24 मई तक आयोजित होना है। अभिनेत्री कैटरीना कैफ इस प्रतिष्ठित फिल्मोत्सव के रेड कारपेट पर ऐश्वर्य राय और सोनम कपूर के साथ पहली उपस्थिति दर्ज कराने जा रही हैं।
dharmpath.com dharmpath