विमानन कंपनियां मुफ्त राहत उड़ानों का संचालन करेंगी

नई दिल्ली, 26 अप्रैल (आईएएनएस)। नेपाल में भूकंप के बाद भारत की विमानन कंपनियां एयर इंडिया, स्पाइसजेट, इंडिगो और जेट एयरवेज राहत सामग्री नेपाल ले जाने के लिए मुफ्त अतिरिक्त उड़ानों का संचालन करेंगी।

एयर इंडिया ने अपने बयान में कहा, “दिल्ली और कोलकाता से नियमित सूचीबद्ध उड़ानों का संचालन रविवार से फिर शुरू होगा।”

बयान में कहा गया है कि राहत सामग्री ले जाने के लिए दिल्ली और कोलकाता से एक-एक अतिरिक्त उड़ानों का भी संचालन किया जाएगा और इनकी वापसी में नेपाल में फंसे लोगों को लाया जाएगा।

कंपनी ने ट्विटर पर रविवार को कहा, “नेपाल भूकंप के लिए स्पाइसजेट, एयरइंडिया, इंडिगो और जेट एयरवेज की राहत उड़ानों को देखकर खुशी हो रही है।”

एयर इंडिया ने काठमांडू जाने और वहां से आने के लिए दो मई तक की टिकटों के रद्दीकरण और रिफंड शुल्क को माफ कर दिया है।

स्पाइसजेट ने दिल्ली से काठमांडू की दो उड़ानें स्थगित कर दी थीं। कंपनी ने कहा कि दोनों उड़ानों का संचालन फिर से चालू कर दिया गया है और अतिरिक्त राहत उड़ानों का संचालन करना चाह रही है।

स्पाइसजेट के मुख्य कार्यकारी अधिकारी संजीव कपूर ने ट्विटर पर कहा, “राहत सामग्री और चिकित्सकों को (नेपाल) भेजने के इच्छुक मान्यताप्राप्त गैर सरकारी संगठनों (एनजीओ) और राहत संगठनों से अनुरोध है कि वे ई-मेल के जरिए विमानन कंपनी से संपर्क करें। स्पाइसजेट यथासंभव उन्हें मुफ्त सेवा देगी।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493