आईएस के वीडियो में आस्ट्रेलियाई चिकित्सक पहचाना गया

केनबरा, 27 अप्रैल (आईएएनएस)। आतंकवादी संगठन, इस्लामिक स्टेट (आईएस) के वीडियो में नजर आए आस्ट्रेलिया में प्रशिक्षित चिकित्सक की पहचान कर ली गई है। आईएस के इस कथित वीडियो में चिकित्सक तारिक कमलेह अन्य चिकित्सा पेशेवरों से सीरिया में आईएस में शामिल होने का आह्वान कर रहा है।

समाचार चैनल ‘एबीसी’ ने सूत्रों के हवाले से बताया कि कमलेह ने 2010 में एडिलेड विश्वविद्यालय से मेडिसिन और शल्य चिकित्सा में स्नातक की डिग्री हासिल करने के बाद अपने करियर की शुरुआत की थी।

उन्होंने एडिलेड के महिला एवं बाल अस्पताल में फरवरी 2011 से जनवरी 2013 तक बाल चिकित्सा विभाग में रजिस्ट्रार के रूप में काम किया। उन्होंने 2012 में उत्तरी क्षेत्र में कुछ समय व्यतीत किया।

वीडियो में वह कह रहा है कि आईएस की मदद के लिए आस्ट्रेलिया से सीरिया के राका चला गया है।

वह वीडियो में कहता है, “मैं इसे क्षेत्र के मुस्लिमों की मदद के लिए इस्लाम हेतु अपने जिहाद के हिस्से के रूप में देखता हूं। उसने कहा कि काश वह पहले सीरिया आ गया होता।”

कमलेह ने कहा, “जब मैं यहां आया, मैं बहुत खुश था कि मैंने यह फैसला किया। लेकिन मैं थोड़ा दुखी भी था कि मैंने इस फैसले में देरी की। काश मैं थोड़ा पहले यहां आ गया होता।”

कमलेह के फेसबुक पृष्ठ पर हथियारों के साथ उसकी तस्वीरें देखी जा सकती हैं। हालांकि, अभी इसकी जानकारी नहीं है कि उसने आस्ट्रेलिया कब छोड़ा।

किसी भी आस्ट्रेलियाई नागरिक द्वारा आतंकवादी संगठनों की मदद करने के अपराध में अधिकतम 25 साल कारावास की सजा का प्रावधान है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493