दूसरे टेस्ट में बांग्लादेश को शाकिब से काफी उम्मीदें

ढाका, 5 मई (आईएएनएस)। पाकिस्तान के खिलाफ पहला टेस्ट मैच ड्रॉ कराने के बाद बांग्लादेश के कप्तान मुशफिकुर रहीम का मानना है यदि टीम को दूसरे टेस्ट में भी बेहतर करना है तो हरफनमौला खिलाड़ी शाकिब को अपनी पूरी क्षमता के साथ खेलना होगा।

वेबसाइट ‘बीडीन्यूज24 डॉट कॉम’ के अनुसार, पाकिस्तान और बांग्लादेश के बीच दूसरा और आखिरी टेस्ट मैच शेरे बांग्ला नेशनल स्टेडियम में बुधवार से शुरू होना है।

खुलना में हुए पहले टेस्ट मैच में शाकिब गेंदबाजी में कुछ खास नहीं कर सके थे। शाकिब ने 37 ओवरों में 146 रन लुटाए और सिर्फ एक विकेट हासिल कर सके थे और पाकिस्तान 628 रनों का विशाल स्कोर खड़ा करने में सफल रहा था।

बल्ले से हालांकि शाकिब ने पहली पारी में 25 और दूसरी पारी में नाबाद 76 रनों का योगदान दिया, जिसकी बदौलत बांग्लादेश ने चौथी पारी में दमदार संघर्ष कर मैच ड्रॉ करवा लिया था।

शाकिब की गेंदबाजी को लेकर चिंता जताने के बावजूद मुशफिकुर ने शाकिब का समर्थन किया।

मुशफिकुर ने कहा, “चूंकि वह टीम के सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज हैं, हम उनसे पांच या छह विकेट चटकाने की उम्मीद करते हैं। जब वह सिर्फ एक या दो विकेट हासिल कर पाते हैं तो हमें लगता है कि यह उनकी क्षमता के अनुरूप नहीं है।”

मुशफिकुर ने उम्मीद जताई कि शाकिब मीरपुर में होने वाले दूसरे टेस्ट में बल्ले और गेंद दोनों से शानदार प्रदर्शन करेंगे।

उन्होंने कहा, “मीरपुर में शाकिब का रिकॉर्ड अच्छा रहा है। पिछले मैच में उन्होंने जो किया, यदि वह इस मैच में भी वही प्रदर्शन दोहराने में सफल रहते हैं तो यह हमारे लिए काफी अच्छा रहेगा।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493