ईरान परमाणु संयंत्रों के असामान्य निरीक्षण के खिलाफ

तेहरान, 6 मई (आईएएनएस)। ईरान ने बुधवार को घोषणा की कि संभावित परमाणु समझौते के तहत वह अपने परमाणु प्रतिष्ठानों के असामान्य निरीक्षण को स्वीकार नहीं करेगा।

ईरान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता मरजिये अफखम ने एक संवाददाता सम्मेलन में कहा, “निरीक्षण के बारे में यह बात स्पष्ट है कि ईरान अपने परमाणु प्रतिष्ठानों के असामान्य निरीक्षण को स्वीकार नहीं करेगा।”

समाचार एजेंसी सिन्हुआ ने अफखम के हवाले से कहा कि ईरान के परमाणु मामले को भी परमाणु अप्रसार संधि (एनपीटी) पर हस्ताक्षर करने वाले अन्य पक्षों की तरह ही व्यवहार किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा, “हम निरीक्षण के मामले में किसी अपवाद को स्वीकार नहीं करेंगे और हमने वार्ताकार पक्षों को इस बारे में अवगत करा दिया है।”

उन्होंने कहा, “ईरान अपने परमाणु कार्यक्रम के संबंध में पारदर्शिता बनाए रखेगा, जिसके बदले में वह शांतिपूर्ण उद्देश्यों के लिए परमाणु गतिविधियों का लाभ उठाएगा।”

अफखम ने कहा, “ईरान में परमाणु संवर्धन उन अधिकारों में से एक है और हम सदा उसका लाभ उठाते रहेंगे।”

न्यूयॉर्क में मंगलवार को ईरान तथा विश्व की छह प्रमुख शक्तियों पी5प्लस1 – अमेरिका, ब्रिटेन, फ्रांस, रूस, चीन तथा जर्मनी- ने तेहरान के विवादित परमाणु कार्यक्रम के अंतिम समझौते के मसौदे का लिखित प्रारूप तैयार कर लिया।

उन्होंने कहा, “अगली बैठक ऑस्ट्रिया की राजधानी विएना में मंगलवार को होगी।”

उल्लेखनीय है कि 30 जून की समय सीमा के पहले ईरान तथा पी5प्लस1 समूह ने दो अप्रैल को विवादित परमाणु कार्यक्रम के बाकी बचे मुद्दों को सुलझा लिया।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493