कोलकाता, 6 मई (आईएएनएस)। कोलकाता नाइट राइडर्स के कोच ट्रेवर बेलिस का मानना है कि इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) कई अंतर्राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों की मौजूदगी के बावजूद अंतर्राष्ट्रीय मानदंडो को नहीं छू सका है।
बेलिस ने कहा कि आखिर अंतर्राष्ट्रीय मैचों में अच्छा प्रदर्शन न कर पाने वाले उमेश यादव और मोर्ने मोर्कल जैसे गेंदबाज आईपीएल में सफल हैं।
बेलिस ने कहा, “यह अंतर्राष्ट्रीय स्तर का क्रिकेट नहीं है। यहां कुछ अंतर्राष्ट्रीय खिलाड़ी खेल रहे हैं, लेकिन यह अंतर्राष्ट्रीय मानक वाला टूर्नामेंट नहीं है।”
उन्होंने आगे कहा, “लेकिन इसके बावजूद, स्टेडियम में उत्साहित दर्शकों का शोर, खेल को लेकर दीवानगी, बेहद रोमांचित भीड़ के सामने खेलने का अवसर, आप इन सबके बीच बेहतर करने की कोशिश करते हैं। यह युवा खिलाड़ियों को उकसाता है, और ऐसा न सिर्फ हमारी टीम के खिलाड़ियों के साथ है बल्कि दूसरी टीमों के खिलाड़ियों के भी।”
आस्ट्रेलियाई दिग्गज ने हालांकि अपने स्टार स्पिन गेंदबाज सुनील नरेन पर कहा कि उन्हें कोई नई जानकारी नहीं है।
उल्लेखनीय है कि संदिग्ध गेंदबाजी के चलते भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने नरेन पर ऑफ स्पिन गेंदबाजी करने से रोक लगा दी है और नरेन को अभी अपने गेंदबाजी ऐक्शन की जांच करवानी है।
नाइट राइडर्स ने प्रतिबंध लगने के बाद से नरेन को टीम से बाहर रखा है।
dharmpath.com dharmpath