आईपीएल-8 : प्लेऑफ में स्थान पक्का करने उतरेंगे रॉयल्स, सुपर किंग्स

चेन्नई, 9 मई (आईएएनएस)। शीर्ष पर मौजूद चेन्नई सुपर किंग्स टीम रविवार को एम. ए. चिदंबरम स्टेडियम में जब दूसरे पायदान की टीम राजस्थान रॉयल्स के भिड़ेगी तो दोनों ही टीमों की कोशिश जीत हासिल कर प्लेऑफ में जगह पक्की करने की होगी।

महेंद्र सिंह धौनी के नेतृत्व में दो बार आईपीएल खिताब अपने नाम कर चुके सुपर किंग्स ने 11 मैचों में सात जीत दर्ज की है और टीम के कुल 14 अंक हैं। रॉयल्स के भी इतने ही अंक हैं लेकिन टीम ने सुपर किंग्स से एक मैच ज्यादा खेला है।

ऐसे में जो भी टीम यहां जीत हासिल करेगी उसका प्लेऑफ में पहुंचना करीब-करीब तय हो जाएगा।

सुपर किंग्स पिछले कुछ मैचों से हालांकि पटरी से उतरे नजर आ रहे हैं। पिछले चार मैचों में धौनी की टीम को चार में तीन मैचों में हार मिली।

दूसरी ओर शानदार शुरुआत करने वाली रॉयल्स भी पिछले छह मैचों में सिर्फ एक जीत हासिल कर सकी है। हालांकि इस बीच उसके दो मैच बारिश की भेंट चढ़ गए।

बहरहाल, सुपरकिंग्स और रॉयल्स की बात करें तो इससे पूर्व 19 अप्रैल को दोनों टीमों ने एक-दूसरे का सामना किया था। रॉयल्स ने यह मैच आसानी से आठ विकेट से जीता। ऐसे में रॉयल्स इस क्रम को यहां भी जारी रखना चाहेंगे।

रॉयल्स के लिए हालांकि आखिरी ओवरों में गेंदबाजी एक समस्या रही है। टिम साउदी, धवल कुलकर्णी, स्टुअर्ट बिन्नी, जेम्स फॉल्कनर अहम मौकों पर जरूर विकेट हासिल करने में कामयाब रहे हैं लेकिन आखिरी ओवरों में इनके प्रदर्शन में एक बिखराव रहा है।

दूसरी ओर, सुपर किंग्स के लिए तेज गेंदबाज आशीष नेहरा और ड्वायन ब्रावो बेहतर प्रदर्शन करने में सफल रहे हैं। नेहरा जहां विकेट हासिल करने के मामले में आगे हैं वहीं ब्रावो बेहद किफायती साबित हुए।

दोनों के लिए रॉयल्स के सलामी बल्लेबाज अजिंक्य रहाणे और कप्तान शेन वाटसन की जोड़ी बड़ी चुनौती होगी। रहाणे जारी संस्करण में 438 रनों के साथ सर्वाधिक रन बनाने वालों की सूची में शीर्ष पर चल रहे हैं।

साथ ही संजू सैमसन, स्टीव स्मिथ, दीपक हुड्डा भी बतौर बल्लेबाज सुपर किंग्स के गेंदबाजों के लिए बड़ी चुनौती होंगे।

टीम (संभावित) :

चेन्नई सुपर किंग्स : महेंद्र सिंह धौनी (कप्तान), ड्वायन स्मिथ, ब्रेंडन मैक्लम, फॉफ दू प्लेसिस, सुरेश रैना, रवींद्र जडेजा, ड्वायन ब्रावो, रविचंद्रन अश्विन, मोहित शर्मा, ईश्वर पांडेय, आशीष नेहरा, बाबा अपराजित, मिथुन मन्हास, पवन नेगी, रोनित मोरे, राहुल शर्मा, अंकुश बैंस, इरफान पठान, प्रत्युष सिंह, एकलव्य द्विवेदी, माइकल हसी, सैमुअल बद्री, मैट हेनरी, काइल एबॉट, एंड्र टाई।

राजस्थान रॉयल्स : शेन वाटसन (कप्तान), स्टीव स्मिथ, संजू सैमसन (विकेटकीपर), अजिंक्य रहाणे, दीपक हुडा, जेम्स फॉल्कनर, करुण नायर, स्टुअर्ट बिन्नी, क्रिस मोरिस, प्रवीण तांबे, अंकित शर्मा, अभिषेक नायर, धवल कुलकर्णी, दिशांत याग्निक, राहुल तेवतिया, रजत भाटिया, बारिंदर सिंह शरण, दिनेश सालुंखे, सागर त्रिवेदी, प्रदीप साहू, विक्रमजीत मलिक, टिम साउदी, रस्टी थेरॉन।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493