धीमे ओवर रेट के लिए पाकिस्तान टीम पर लगा जुर्माना

ढाका, 10 मई (आईएएनएस)। बांग्लादेश के खिलाफ मीरपुर में हुए दूसरे टेस्ट मैच के दौरान धीमे ओवर रेट के लिए पाकिस्तान टीम पर जुर्माना लगाया गया है।

पाकिस्तान टेस्ट टीम के कप्तान मिस्बाह उल हक पर मैच शुल्क का 40 फीसदी जबकि टीम के अन्य खिलाड़ियों पर मैच शुल्क का 20 फीसदी जुर्माना लगाया गया है।

पाकिस्तान ने यह मैच 328 रनों से जीतकर दो मैचों की टेस्ट सीरीज 1-0 से अपने नाम कर ली। पाकिस्तान ने पहली पारी में अजहर अली (226), यूनिस खान (148) और असद शफीक (107) के योगदान से 557 रनों का स्कोर खड़ा किया, जिसके जवाब में बांग्लादेश की पहली पारी 203 रनों पर सिमट गई।

इसके बाद पाकिस्तान ने छह विकेट पर 195 रन बनाकर अपनी दूसरी पारी घोषित कर दी और बांग्लादेश के सामने चौथी पारी में 550 रनों का विशाल लक्ष्य रखा। बांग्लादेश टीम हालांकि 221 रनों पर आल आउट हो गई।

अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) की ओर से जारी विज्ञप्ति के अनुसार, आईसीसी इलीट पैनल के मैच रेफरी जेफ क्रोवे ने निर्धारित समय के बाद दो ओवर पीछे रहने के कारण पाकिस्तान टीम पर यह जुर्माना लगाया।

इसी मैच के दौरान बांग्लादेश के बल्लेबाज तमीम इकबाल के साथ अभद्र व्यवहार के लिए पाकिस्तान के तेज गेंदबाज इमरान खान पर अलग से जुर्माना लगाया गया।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493