मुंबई, 10 मई (आईएएनएस)। अब्राहम डिविलियर्स (133) की आतिशी पारी की बदौलत रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर ने रविवार को वानखेड़े स्टेडियम में आईपीएल-8 के 46वें मैच में मुंबई इंडियंस को 39 रनों से हरा दिया। लगातार पांच जीत के बाद मुंबई इंडियंस की पहली हार है।
रॉयल चैलेंजर्स द्वारा दिए गए 236 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी मुंबई इंडियंस टीम सात विकेट खोकर 196 रन ही बना सकी।
मुंबई इंडियंस की पारी पर शुरू से ही दबाव दिखा। इसके बावजूद टीम ने सलामी बल्लेबाज लेंडल सिमंस (68 नाबाद) और हरफनमौला कीरन पोलार्ड (49) की बदौलत अच्छा संघर्ष किया।
दोनों ने तीसरे विकेट के रूप में केवल 37 गेंदों में 70 रनों की साझेदारी की। बढ़ते रन रेट के दबाव के बीच श्रीनाथ अरविंद ने हालांकि पोलार्ड को 15वें ओवर में मिशेल स्टार्क के हाथों कैच कराकर मुंबई इंडियंस को मुकाबले से बाहर कर दिया।
सिमंस इस बीच आखिरी गेंद तक जमे रहे लेकिन टीम को वह तेजी दिलाने में नाकाम रहे जो जीत के लिए जरूर थी। सिमंस ने 53 गेंदों की पारी में पांच चौके और तीन छक्के लगाए। वहीं, पोलार्ड ने 24 गेंदों में छह चौके और दो छक्के जमाए।
टीम को पहला झटका चौथे ओवर में पार्थिव पटेल (19) के रूप में लगा। इसके बाद कप्तान रोहित शर्मा केवल 15 रन बनाकर हर्षल पटेल का शिकार हुए। अंबाती रायडू ने 14 रनों का योगदान दिया। मिशेल मैक्लेनेगन ने चार गेंदों में दो छक्कों की मदद से नाबाद 12 रनों की पारी खेली।
मुंबई इंडियंस की ओर से हर्षल पटेल और युजवेंद्र चहल को दो-दो सफलता मिली। मिशेल स्टार्क, अरविंद ने एक-एक विकेट प्राप्त किया।
इससे पूर्व, रॉयल चैलेंजर्स ने निर्धारित 20 ओवरों में एक विकेट के नुकसान पर 235 रन बनाए। टीम को एकमात्र झटका क्रिस गेल (13) के रूप में लगा।
डिविलियर्स और कप्तान विराट कोहली (82 नाबाद) ने मैदान के हर ओर चौकों-छक्कों की बरसात करते हुए दूसरे विकेट के लिए 215 रनों की रिकॉर्ड साझेदारी की। डिविलियर्स ने 47 गेंदों में अपना शतक पूरा किया और 59 गेंदों की पारी में 19 चौके और चार छक्के लगाए।
कोहली और डिविलियर्स के बीच यह साझेदारी रनों एवं किसी भी विकेट के लिए आईपीएल इतिहास की सबसे बड़ी साझेदारी है। वहीं डिविलियर्स ने आईपीएल-8 में सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोर जबकि आईपीएल में तीसरा सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोर बनाया।
कोहली ने भी उनका बेहतरीन अंदाज में साथ निभाते हुए 50 गेंदों में छह चौके और चार छक्के लगाए।
आईपीएल-8 का यह तीसरा शतक है। इससे पूर्व रॉयल चैलेंजर्स के ही क्रिस गेल और चेन्नई सुपर किंग्स के ब्रेंडन मैक्लम इस संस्करण में एक-एक शतक जड़ चुके हैं। मौजूदा सत्र में सबसे तेज शतक क्रिस गेल के नाम है। उन्होंने 46 गेंदों में किंग्स इलेवन पंजाब के खिलाफ यह कारनामा किया था।
मुंबई इंडियंस का क्षेत्ररक्षण निराशाजनक रहा। पारी के तीसरे ओवर की चौथी गेंद पर पहले रोहित ने क्रिस गेल (13) का कैच छोड़ा और फिर अगली ही गेंद पर पहले स्लिप पर खड़े हरभजन सिंह ने कोहली को जीवनदान दिया।
लसिथ मलिंगा ने हालांकि चौथे ओवर की पहली गेंद पर गेल को आउट कर एक गलती की भरपाई जरूर कर दी लेकिन कोहली का कैच छूटना टीम के लिए महंगा पड़ गया।
इससे पूर्व पारी की शुरुआत करने उतरे गेल और कोहली पहले विकेट के लिए 3.1 ओवरों में 20 रन ही जोड़ सके। गेल ने अपनी पारी में एक छक्का और एक चौका लगाया।
मुंबई इंडियंस की ओर से एकमात्र विकेट मलिंगा को मिला।
dharmpath.com dharmpath