चेन्नई, 11 मई (आईएएनएस)। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के आठवें संस्करण में रविवार को चेन्नई सुपरकिंग्स से मिली 12 रनों की हार के बाद इस मैच में राजस्थान रॉयल्स के कप्तान स्टीवन स्मिथ ने उम्मीद जताई है कि टीम निश्चित रूप से प्लेऑफ में पहुंचने में कामयाब होगी।
स्मिथ ने मैच के बाद कहा, “अगले मैच से पहले हमारे पास छह दिन का समय है। उम्मीद है कि हम प्लेऑफ में पहुंचने में कामयाब होंगे।”
रॉयल्स के 13 मैचों में छह जीत के साथ 14 अंक हैं। टीम को अपना आखिरी लीग मैच शनिवार को कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ खेलना है और प्लेऑफ में पहुंचने के लिए उसे यह मैच जीतना जरूरी होगा।
एम. ए चिदंबरम स्टेडियम में रविवार हुए मैच में शेन वाटसन की जगह खुद कप्तानी की जिम्मेदारी संभालने के सवाल पर स्मिथ ने कहा, “मुझे कप्तान बनाने का फैसला वाटसन का था। उन्होंने ऐसा इसलिए किया क्योंकि वह अपने खेल पर ज्यादा ध्यान देना चाहते थे। हमने महत्वूर्ण मौकों पर कुछ विकेट गंवाए और इसका नुकसान हमें उठाना पड़ा।”
स्मिथ ने चेन्नई सुपरकिंग्स के हरफनमौला खिलाड़ी रविंद्र जडेजा की भी तारीफ की जिन्होंने चार ओवरों में 11 रन देकर चार विकेट हासिल किए।
dharmpath.com dharmpath