चेन्नई, 11 मई (आईएएनएस)। राजस्थान रॉयल्स को आईपीएल-8 के एक अहम मुकाबले में हराकर प्लेऑफ में पहुंच चुके दो बार के चैम्पियन चेन्नई सुपरकिंग्स के कप्तान महेंद्र सिंह धौनी ने पूरे मैच में रविचंद्रन अश्विन से एक भी ओवर गेंदबाजी नहीं करने के सवाल पर कहा कि उन्हें इसकी जरूरत महसूस नहीं हुई।
धौनी ने मैच के बाद कहा, “मेरे पास दो अच्छे तेज गेंदबाज थे। मैंने खुद से कहा कि इस मैच में अश्विन का इस्तेमाल मैं नहीं करूंगा। इसकी कभी जरूरत भी नहीं पड़ी।”
एम. ए. चिदंबरम स्टेडियम में रविवार को हुए इस मुकाबले में सुपरकिंग्स ने रॉयल्स को 12 रनों से हराया। सुपरकिंग्स ने ब्रेंडन मैक्लम (81) की शानदार पारी की बदौलत पांच विकेट के नुकसान पर 157 रन बनाए। जवाब में रॉयल्स निर्धारित ओवरों में नौ विकेट के नुकसान पर 145 रन ही बना सके।
मैक्लम की प्रशंसा करते हुए धौनी ने कहा, “उन्होंने सच में बेहतरीन पारी खेली। वह न्यूजीलैंड से आते हैं और ऐसे गर्मी में उनके लिए खेलना मुश्किल कार्य था। मैच से पहले ड्रेसिंग रूम में सब इस बात पर चुटकी ले रहे थे कि मैक्लम अगर छह से सात ओवर भी क्रीज पर बिताते हैं तो वह पक जाएंगे।”
सुपरकिंग्स की 12 मैचों में यह आठवीं जीत रही और टीम 16 अंकों के साथ अंकतालिका में शीर्ष पर है। टीम को आखिरी दो लीग मैच दिल्ली डेयरडेविल्स और किंग्स इलेवन पंजाब से खेलने हैं।
dharmpath.com dharmpath