काठमांडू, 11 मई (आईएएनएस)। नेपाल की लंगतांग घाटी में ताजा भूस्खलनों से 300 लोगों को खोजने के लिए चलाया जा रहा अभियान बाधित हुआ है। ये लोग नेपाल में आए भूकंप के बाद से लापता हैं। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी।
सहायक मुख्य जिला अधिकारी गौतम रिमाल ने समाचार पत्र ‘हिमालयन टाइम्स’ को बताया कि शुक्रवार रात से घाटी के विभिन्न हिस्सों में भूस्खलनों के बाद लंगतांग क्षेत्र में नेपाल के बचाव दल सुरक्षित स्थानों पर चले गए हैं।
रिमाल ने कहा, “मौसम में सुधार होने तक खोज और बचाव कार्य जारी रखना असंभव है।” उन्होंने कहा कि इससे क्यांजिन गोम्पा बौद्ध मठ में रह रहे लगभग 200 लोग खतरे में हैं।
भूकंप की वजह से रासुवा जिले में कम से कम 463 लोगों की मौत हो गई थी, जिनमें नौ विदेशी शामिल थे। गौरतलब है कि रासुवा जिले में ही लंगतांग स्थित है।
अधिकारियों का अनुमान है कि इस क्षेत्र में भूकंप के बाद से लगभग 300 लोग लापता हैं।
ताजा आधिकारिक आंकड़ों के मुताबिक, नेपाल में भूकंप से कम से कम 8,019 लोगों की मौत हो गई, जबकि 17,866 लोग घायल हो गए हैं।
dharmpath.com dharmpath