लंदन, 12 मई (आईएएनएस)। इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ईसीबी) के निदेशक (क्रिकेट) एंड्रयू स्ट्रॉस ने मंगलवार को पुष्टि कर दी कि आस्ट्रेलिया के पूर्व तेज गेंदबाज जेसन गिलेस्पी इंग्लैंड के कोच पद के प्रमुख उम्मीदवार हैं।
पिछले हफ्ते कोच पद से पीटर मूर्स को हटाए जाने के बाद से ही मीडिया में गिलेस्पी को लेकर कई प्रकार की अटकलें लगाई जा रही हैं। गिलेस्पी के अलावा आस्ट्रेलिया के पूर्व सलामी बल्लेबाज जस्टिन लैंगर और श्रीलंका के कोच टॉम मूडी को भी कोच पद का अहम दावेदार माना जा रहा है।
गौरतलब है कि विश्व कप-2015 और फिर वेस्टइंडीज दौरे पर इंग्लिश टीम के निराशाजनक प्रदर्शन के बाद मूर्स को कोच पद से शनिवार को बर्खास्त किया गया।
स्काई स्पोर्ट्स डॉट कॉम के अनुसार स्ट्रॉस ने कहा, “गिलेस्पी निश्चित तौर पर हमारे लिए कोच के एक उम्मीदवार हैं। अगले कुछ दिनों में हम सभी उम्मीवारों से बात करना शुरू करेंगे।”
स्ट्रॉस के अनुसार, “मुझे अभी जाकर उनसे मिलना होगा और देखना होगा कि वह हमारे क्रिकेट की बेहतरी के बारे में क्या सोचते हैं। हम यह भी देखेंगे कि उनके विचार हमशे कितने मिलते हैं।”
स्ट्रॉस ने साथ ही कहा कि टेस्ट और एकदिवसीय के लिए इंग्लैंड टीम को अलग-अलग रणनीति बनाने की जरूरत है। स्ट्रॉस के अनुसार टी-20 और एकदिवसीय के लिए विशेषज्ञ कप्तान जरूर होना चाहिए।
उल्लेखनीय है कि इसी साल आस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड में आयोजित विश्व कप में इयान मोर्गन ने इंग्लैंड टीम का नेतृत्व किया और टीम का प्रदर्शन टूर्नामेंट में निराशाजनक रहा।
स्ट्रॉस ने हालांकि मोर्गन का बचाव करते हुए कहा कि वह अब भी एकदिवसीय प्रारूप में कप्तान के तौर पर सबसे अच्छे दावेदार हैं।
स्ट्रॉस ने कहा, “मोर्गन को विश्व कप में टीम की जिम्मेदारी सौंपी गई थी और केवल एक टूर्नामेंट में खराब प्रदर्शन के आधार पर उनके बारे में अभी से कोई फैसला करना ज्यादती होगी। वह टी20 और एकदिवसीय में कप्तान के तौर पर एक बेहतरीन उम्मीदवार हैं।”
dharmpath.com dharmpath