डोंगुआन (चीन), 13 मई (आईएएनएस)। भारतीय बैडमिंटन टीम दक्षिण कोरिया के हाथों 1-4 से हारकर बुधवार को वर्ल्ड मिक्स्ड टीम बैडमिंटन चैम्पियनशिप सुदीरमन कप से बाहर हो गई।
भारत की ओर से सायना नेहवाल महिला एकल वर्ग में जीत हासिल करने वाली एकमात्र खिलाड़ी रहीं जबकि अन्य चार वर्गो में सभी भारतीय खिलाड़ियों को हार का सामना करना पड़ा।
भारत को इससे पहले सोमवार को मलेशिया से भी 2-3 से हार का सामना करना पड़ा था। ग्रुप-1डी में शीर्ष स्थान पर कायम मलेशिया और दक्षिण कोरिया क्वार्टर फाइनल के लिए क्वालीफाई करने में कामयाब रहे।
बहरहाल, दक्षिण कोरिया के खिलाफ बुधवार को पुरुष युगल वर्ग में भारत ने हार के साथ शुरुआत की। कोरिया के किम जी जुंग और किम सा रंग ने केवल 36 मिनट में प्रणव जेरी चोपड़ा और अक्षय देवालकर को 21-10, 21-19 से हराया। विश्व की नौवीं वरीयता प्राप्त कोरियाई जोड़ी की भारतीय जोड़ी पर यह तीसरी जीत रही।
इसके बाद, महिला एकल वर्ग में विश्व की दूसरी वरीयता प्राप्त सायना ने एक घंटे आठ मिनट चले संघर्षपूर्ण मुकाबले में येओन जु बाए को 22-20, 17-21, 21-13 से हराया। दोनों खिलाड़ियों के बीच करियर का यह 12वां मुकाबला रहा जिसमें सायना ने आठवीं जीत दर्ज की।
सायना के जीत के साथ भारत ने मैच में 1-1 से बराबरी कर ली।
दक्षिण कोरिया ने हालांकि अगले तीन मुकाबलों में जीत हासिल कर भारत को टूर्नामेंट से बाहर का रास्ता दिखा दिया।
विश्व के पांचवें वरीयता प्राप्त सोन हो ने राष्ट्रमंडल खेलों में स्वर्ण पदक जीतने वाले पारुपल्ली कश्यप को एक घंटे पांच मिनट में 13-21, 21-14, 21-13 से हराया।
इसके बाद 2011 विश्व चैम्पियनशिप में कांस्य पदक जीतने वालीं विश्व की 22वीं वरीय ज्वाला गुट्टा और अश्विनी पोनप्पा की महिला युगल जोड़ी को भी विश्व की 75वीं वरीय चांग ये ना और जुंग क्यूंग इयून की जोड़ी से 21-18, 12-21, 12-21 से हार झेलनी पड़ी। दक्षिण कोरिया ने इस जीत के साथ ही 3-1 की निर्णायक बढ़त हासिल कर ली।
मिश्रित युगल के आखिरी मैच में किम हा ना और को सुंग ह्यून ने मनु अत्री और एन. सिक्की रेड्डी की भारतीय जोड़ी को 36 मिनट में 21-12, 22-20 से हराया और मैच 4-1 से अपने नाम कर लिया।
dharmpath.com dharmpath