मेड्रिड, 18 मई (आईएएनएस)। अर्जेटीनी स्टार लियोनेल मेसी के निर्णायक गोल की बदौलत स्पेन के अग्रणी क्लब बार्सिलोना ने रविवार को विसेंट कालडेरोन स्टेडियम में एटलेटिको डे मेड्रिड को 1-0 से हरा दिया। इसके साथ ही बार्सिलोना का 23वीं बार ली लीगा चैम्पियन बनना तय हो गया है।
मेसी ने 65वें मिनट में प्रेडो रोड्रिगेज से मिले एक शानदार पास पर यह गोल किया। इस सत्र में मेसी का यह 54वां गोल है। इसमें 41 गोल मेसी ने ला लीगा में दागे।
एटलेटिको की इस चैम्पियनशिप में अपने घरेलू मैदान पर यह दूसरी और पिछले 14 मैचों में पहली हार है। इस सत्र में अंकतालिका में तीसरे स्थान पर बने रहने के लिए एटलेटिको को अब अपने आखिरी मैच में ग्रेनाडा के खिलाफ ड्रा खेलना होगा।
दूसरी ओर, ला लीगा खिताब अपने नाम सुनिश्चित करने के बाद बार्सिलोना की नजरें अब कोपा डेल रे और चैम्पियंस लीग के फाइनल पर होंगी।
dharmpath.com dharmpath