पाकिस्तान ने अमेरिकी ड्रोन हमले की निंदा की

इस्लामाबाद, 18 मई (आईएएनएस)। पाकिस्तान ने उत्तरी वजीरिस्तान के कबायली क्षेत्र में अमेरिका के हालिया ड्रोन हमले की सोमवार को निंदा की। हमले में छह लोगों की मौत हुई थी।

सुरक्षा अधिकारियों ने कहा कि मानवरहित अमेरिकी लड़ाकू विमानों (ड्रोन) ने शनिवार को पर्वतीय शावाल क्षेत्र में एक परिसर पर मिसाइलें दागीं। सूत्रों की मानें तो हमले में मारे गए लोगों में कुछ विदेशी नागरिक भी शामिल हैं।

विदेश मंत्रालय ने एक बयान में कहा, “हम इन हमलों की कड़ी निंदा करते हैं, जो पाकिस्तान की संप्रभुत्ता और क्षेत्रीय अखंडता का उल्लंघन है।”

समाचार एजेंसी सिन्हुआ के मुताबिक एक बयान में कहा गया कि हमले के बाद स्थानीय लोगों में ऐसे समय में अविश्वास पैदा हो गया है, जब पाकिस्तानी की सेना क्षेत्र से आतंकवादियों को खदेड़ने के लिए निर्णायक कदम उठा रही है।

पाकिस्तानी सेना ने पाकिस्तान तालिबान एवं दूसरे आतंकवादी संगठनों के खिलाफ पिछले साल जून महीने से व्यापक पैमाने पर अभियान छेड़ रखा है, जिससे करीब 10 लाख लोगों को बेघर होना पड़ा है।

विदेश मंत्रालय ने कहा, “हम इस तरह के हमले बंद करने की अपनी बात दोहराते हैं।”

मंत्रालय ने बयान में कहा कि अमेरिका ने ऐसे समय में हमला किया है, जब पाकिस्तान सरकार उत्तरी वजीरिस्तान में आम जनता के पुनर्वास पर ध्यान केंद्रित कर रही है।

एक वरिष्ठ अमेरिकी अधिकारी ने कहा कि सीआईए के नियंत्रण वाले ड्रोन उन आतंकवादियों को निशाना बना रहे थे, जो सीमा पार से अफगानिस्तान में हमले के लिए वजीरिस्तान को अपने गढ़ की तरह प्रयोग करते हैं।

पाकिस्तान ने पूर्व में इस बात से इनकार किया था कि हाल के ड्रोन हमलों का उनके मौजूदा सैन्य अभियान से कोई संबंध है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493