पेरिस, 19 मई (आईएएनएस)। फ्रांस की साप्ताहिक व्यंग्य पत्रिका शार्ली हेब्दो के एक प्रमुख कार्टूनिस्ट ने पत्रिका छोड़ने की घोषणा की है। मीडिया रपट से मंगलवार को यह जानकारी मिली।
पेरिस स्थित पत्रिका के कार्यालय पर सात जनवरी को हमला किया गया था, जिसमें मुख्य संपादक सहित 12 लोग मारे गए थे।
बीबीसी की एक रपट के मुताबिक, कार्टूनिस्ट रेनाल्ड लुजियर (लुज) ने फ्रांस के समाचार पत्र लिबरेशन से सोमवार को कहा कि उनके सहयोगियों की मौत के बाद उनका वहां दिल नहीं लग रहा।
हमले के कुछ दिनों बाद ही पत्रिका के जीवित बचे कर्मचारियों ने एक संस्करण निकाला था, जिसका शीर्षक था, ‘सभी को माफ किया।’ इस शीर्षक के ऊपर रेनाल्ड का एक कार्टून था, जिसमें पैगंबर एक तख्ती पकड़े हुए दिख रहे थे, जिसमें ‘जे सुइस चार्ली’ लिखा था।
रेनाल्ड ने कहा, “प्रत्येक मुद्दा कचोटता है, क्योंकि मेरे साथी जा चुके हैं।”
वे साल 1992 में पत्रिका में शामिल हुए थे। उन्होंने कहा कि उनका इस्तीफा देना एक बेहद व्यक्तिगत निर्णय है। वह सितंबर में संस्था से विदाई ले लेंगे।
पिछले महीने रेनाल्ड ने घोषणा की थी कि वे अब पैगंबर का कार्टून नहीं बनाएंगे, क्योंकि इसमें अब उनकी कोई दिलचस्पी नहीं रही।
dharmpath.com dharmpath