मुंबई, 20 मई (आईएएनएस)। मुंबई इंडियंस टीम के हरफनमौला खिलाड़ी और चेन्नई सुपरकिंग्स के खिलाफ पहले क्वालीफायर में मिली 25 रनों की जीत के बाद मैन ऑफ द मैच चुने गए कीरन पोलार्ड ने सफलता का श्रेय पूरी टीम को दिया।
मुंबई इंडियंस टीम मंगलवार रात मिली इस जीत के बाद आईपीएल-8 के फाइनल में पहुंच गई। फाइनल मुकाबला 24 मई को कोलकाता के इडेन गार्डन्स में खेला जाना है।
मैच के बाद पोलार्ड ने कहा, “यह पूरी टीम के प्रयासों का फल है। हम अच्छी शुरुआत करना चाहते थे। हरभजन सिंह द्वारा एक ही ओवर में सुरेश रैना और महेंद्र सिंह धौनी की विकेट हासिल करना महत्वपूर्ण रहा।”
उल्लेखनीय है कि मुंबई इंडियंस ने इस मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए लेंडल सिमंस के 51 गेंदों में 65 रनों की बदौलत छह विकेट के नुकसान पर 187 रन बनाए। पोलार्ड ने भी आखिर में 17 गेंदों में 41 रनों की आतिशी पारी खेली। जवाब में सुपर किंग्स 19 ओवरों में 162 रनों पर सिमट गए।
पोलार्ड आपीएल के जारी संस्करण में लगातार अच्छा प्रदर्शन करते आए हैं और 15 मैचों में 383 रन बना चुके हैं।
पोलार्ड के अनुसार, “इस टूर्नामेंट से पहले कई लोग मेरी आलोचना कर रहे थे। यह उनके लिए एक जवाब है। मुझे पता है कि मैं क्या कर सकता हूं। जब आप शांत दिमाग और खुले दिल से क्रिकेट खेलते हैं तो सारी चीजें अपने आप होने लगती हैं।”
मुंबई इंडियंस ने वर्ष-2013 में आईपीएल खिताब इडेन गार्डन्स में ही अपने नाम किया था और यह फाइनल भी इसी मैदान पर खेला जाना है।
इस सवाल पर पोलार्ड ने कहा, “हमारे जेहन में इडेन को लकर अच्छी यादें हैं। हमने यहां वर्ष-2013 में खिताब जीता। दो साल बाद काफी कुछ बदला है। हम उन यादों को दोबारा इस साल भी जी सकते हैं। लेकिन इसके लिए हमें अच्छा क्रिकेट खेलना होगा और उससे पहले अच्छी तैयारी करनी होगी।”
dharmpath.com dharmpath