मुंबई, 20 मई (आईएएनएस)। चेन्नई सुपर किंग्स के कोच स्टीफन फ्लेमिंग ने कहा है कि मुंबई इंडियंस के हरभजन सिंह द्वारा एक ही ओवर में सुरेश रैना और महेंद्र सिंह धौनी का विकेट हासिल करना मैच का ‘टर्निग प्वाइंट’ साबित हुआ।
मुंबई इंडियंस ने इस मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए लेंडल सिमंस के 51 गेंदों में 65 रनों की बदौलत छह विकेट के नुकसान पर 187 रन बनाए। कीरोन पोलार्ड ने भी आखिर में 17 गेंदों में 41 रनों की आतिशी पारी खेली। जवाब में सुपर किंग्स 19 ओवरों में 162 रनों पर सिमट गए।
मैच के बाद फ्लेमिंग ने कहा, “यह मैच हमारे लिए कठिन रहा। मुंबई इंडियंस अपने घरेलू मैदान पर बहुत अच्छा खेलते हैं। कुछ मौके हमारे पास आए लेकिन हम उसका पूरा फायदा नहीं उठा सके।”
फ्लेमिंग के अनुसार, “हमने मुंबई को 187 पर रोककर अच्छा किया, लेकिन इसके बाद हरभजन द्वारा फेंके गए 11वें ओवर की दो गेंदों ने मैच बदल दिया। दो बड़े खिलाड़ियों सुरेश रैना और धौनी का विकेट गंवाना मैच का टर्निग प्वाइंट रहा।”
गौरतलब है कि मुबई इंडियंस जीत के साथ फाइनल में पहुंच गए।
दो बार के चैम्पियन चेन्नई सुपर किंग्स को अब फाइनल में जगह बनाने के लिए दूसरे क्वालीफायर में रॉयल्स चैलेंजर्स बैंगलोर और राजस्थान रॉयल्स के बीच बुधवार को होने वाले इलिमिनेटर मुकाबले के विजेता से भिड़ना होगा। दूसरा क्वालीफायर शुक्रवार को रांची में खेला जाना है।
फ्लेमिंग ने कहा कि टीम दूसरे क्वालीफायर में अपनी गलतियों में सुधार कर जीत हासिल करने की कोशिश करेगी।
dharmpath.com dharmpath