क्रिकेट में वापसी नई जिंदगी मिलने जैसी : आमिर

लाहौर, 20 मई (आईएएनएस)। पाकिस्तान के तेज गेंदबाज मोहम्मद आमिर ने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट में उन्हें वापसी करने का मौका मिलना नई जिंदगी मिलने जैसी है।

आमिर पर वर्ष-2010 में इंग्लैंड में एक टेस्ट मैच के दौरान स्पॉट फिक्सिंग का दोषी पाए जाने के बाद पांच साल का प्रतिबंध लगा दिया गया था। उनके प्रतिबंध की समयसीमा इसी साल खत्म होने जा रही है।

आमिर के अनुसार प्रतिबंधित रहने के दौरान उन्होंने कई बार क्रिकेट से संन्यास लेने का विचार किया लेकिन पाकिस्तान के घरेलू टी-20 टूर्नामेंट में खेलने के मिले मौके के बाद उन्हें खूब समर्थन मिला और इससे वह प्रेरित हुए।

आमिर पर जब प्रतिबंध लगा था तब वह केवल 18 साल के थे और उनकी गिनती उभरते हुए क्रिकेट सितारों में की जा रही थी। उन्होंने उस समय तक खेले 14 टेस्ट मैचों में 51 विकेट हासिल कर लिए थे।

क्रिकेट आस्ट्रेलिया की आधिकारिक वेबसाइट के अनुसार आमिर ने कहा, “निश्चित रूप से यह मेरे लिए नए जीवन की तरह है। मैं इस मौके का पूरा फायदा उठाने की कोशिश करूंगा। पाकिस्तान टीम में शामिल होने के लिए मैं कड़ी मेहनत कर रहा हूं। लोगों का जिस प्रकार समर्थन मुझे मिल रहा है वह मेरे लिए काफी उत्साह बढ़ाने वाला है।”

गौरतलब है कि अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने आमिर के पांच साल के प्रतिबंध की अवधि खत्म होने के आठ महीने पहले इसी साल जनवरी में उन्हें घरेलू क्रिकेट में खेलने की इजाजत दे दी। उन्होंने पाकिस्तान की घरेलू टी20 टूर्नामेंट में रावलपिंडी रैम्स की ओर से खेलते हुए पांच विकेट भी हासिल किए।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493