लंदन, 21 मई (आईएएनएस)। ब्रिटेन के वित्तमंत्री जॉर्ज ऑसबोर्न ने बुधवार को अपने भाषण में कहा कि ब्रिटेन को यूरोपीय संघ (ईयू) में ही बना रहना चाहिए, लेकिन वह नहीं चाहते कि इसके संचालन की कमान यूरोप के हाथों में हो।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ के मुताबिक, ब्रिटेन के अग्रणी व्यापार संगठन, ब्रिटेन उद्योग परिसंघ (सीबीआई) की 50वीं वर्षगांठ के वार्षिक भोज में ऑसबोर्न ने यह बात कही।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री डेविड कैमरन ने देशभर में जनमत संग्रह का वादा किया है, ताकि 4.0 करोड़ से अधिक पुरुष और महिलाएं ईयू में ब्रिटेन के बने रहने पर फैसला करें। 1975 के बाद यह पहला मौका होगा, जब जनमत संग्रह के द्वारा इस पर निर्णय लिया जाएगा।
लंदन के ग्रोसवेनर हाउस में कारोबारियों से बात करते हुए ऑसबोर्न ने कहा, “हमें यूरोप के बारे में कुछ कटु तथ्यों का सामना करने की जरूरत है। यूरोक्षेत्र में एकल मुद्रा की समस्या इसके सदस्य देशों को करीब ला रही है, लेकिन हम इसका हिस्सा नहीं बनना चाहते।”
ऑसबोर्न ने कहा, “मैं यह सोचता हूं कि हमारी स्थिति ब्रिटेन के लोगों और ब्रिटिश कारोबार के बहुमत के आधार पर साझा होगी। हम यूरोप में बने रहना चाहते हैं, लेकिन नहीं चाहते कि यूरोप इसका संचालन करें और इसी के लिए हम लड़ रहे हैं।”
उन्होंने कहा कि ब्रिटेन सरकार की चुनौती यह है कि वह एकल यूरोपीय बाजार को सुरक्षित रखना चाहती है और यह सुनिश्चित करना चाहती है कि ईयू ब्रिटेन सहित इसके सभी 28 देशों के हित में काम जारी रखे।
dharmpath.com dharmpath