नच बलिए-7 में पत्नी संग नाचते नजर आ सकते हैं शिखर धवन

मुंबई, 21 मई (आईएएनएस)। मशहूर डांस रियलिटी शो नच बलिए-7 के निर्माताओं ने कथित तौर पर भारतीय क्रिकेट टीम के सलामी बल्लेबाज शिखर धवन और उनकी पत्नी आयेशा को शो के लिए निमंत्रित किया है।

धवन को उनकी पत्नी के साथ वाइल्ड कार्ड एंट्री के जरिए प्रतिभागी के रूप में इस रियलिटी शो में शामिल किया जा सकता है।

रियलिटी शो के निर्माता के एक नजदीकी सूत्र ने बताया, “हम शिखर धवन के साथ शो में वाइल्ड कार्ड एंट्री के जरिए विशेष प्रतिभागी बनने के लिए संपर्क में हैं। अगर वह शो में शामिल होते हैं तो इससे शो को काफी लोकप्रियता मिलेगी और उन्हें एक अलग मंच पर एक अलग प्रतिभा के साथ देखने का मौका मिलेगा।”

टेलीविजन चैनल स्टार प्लस पर प्रसारित हो रहे इस शो का निर्माण एकता कपूर ने किया है और पिछले संस्करणों की अपेक्षा यह काफी अलग हटकर है।

नच बलिए-7 में प्रतिभागियों को एक घर में रखा गया है और दर्शकों द्वारा वोटिंग देने की प्रक्रिया को समाप्त कर दिया गया है।

नच बलिए-7 में बॉलिवुड अभिनेत्री प्रीती जिंटा, लेखक चेतन भगत और कोरियोग्राफर मारजी पेस्टनजी निर्णायकों की भूमिका में हैं।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493