पिता होने से किरदार में मदद मिली : श्वार्जनेगर

लॉस एंजेलिस, 22 मई (आईएएनएस)। कैलिफोर्निया के पूर्व गवर्नर और हॉलीवुड अभिनेता अरनॉल्ड श्वार्जनेगर ने ‘मैगी’ फिल्म में एक पिता का किरदार निभाया है। श्वार्जनेगर का कहना है कि वास्तविक जीवन में पिता होने के कारण उन्हें अपने किरदार से अच्छी तरह जुड़ने में मदद मिली।

फिल्म में श्वार्जनेगर एक अच्छे पिता के किरदार में हैं, जिसकी बेटी मैगी को गंभीर संक्रमण हुआ है। फिल्म की कहानी में श्वार्जनेगर का किरदार इस कोशिश में जुटा रहता है कि बेटी के आखिरी दिनों में वह उसके साथ रहे।

श्वार्जनेगर ने एक बयान में बताया, “आपको वास्तव में अपने व्यक्तिगत जीवन के अनुभव का हर जगह इस्तेमाल करना होता है। पिछले 25 सालों से पिता होना और मेरी दो बेटियां होने के कारण वास्तव में मैं खुद को इस किरदार से अच्छी तरह जोड़ पाया।”

उन्होंने आगे कहा, “यदि आपको पता चले कि आपके बच्चे को इबोला, एड्स, कैंसर या जॉम्बी वायरस का संक्रमण है तो अपने बच्चे को धीरे-धीरे मरते देखना माता-पिता के लिए भयानक होता है। अगर आप ऐसा महसूस कर लेते हैं, तो आपको किरदार करने में आसानी होती है। मैंने अब तक जितनी भी भूमिकाएं की हैं, यह उनमें सबसे मानवीय है।”

हेनरी होबसन निर्देशित इस फिल्म में एबिगैल ब्रेसिलन और जॉली रिचर्डसन मुख्य भूमिकाओं में हैं।

फिल्म भारत में 29 मई को प्रदर्शित होगी।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493