राओनिक, बेनेटाउ ने फ्रेंच ओपन से नाम वापस लिया

पेरिस, 22 मई (आईएएनएस)। विश्व के छठे वरीयता प्राप्त कनाडा के मिलोस राओनिक और फ्रेंच ओपन टेनिस टूर्नामेंट के पुरुष युगल वर्ग के मौजूदा चैम्पियन जुलियन बेनेटाउ ने चोट के कारण 24 मई से शुरू हो रहे इस साल के टूर्नामेंट से नाम वापस ले लिया है।

समाचार एजेंसी सिन्हुआ के अनुसार, राओनिक को दाएं पैर में लगी चोट के कारण टूर्नामेंट से बाहर होना पड़ा। राओनिक इस साल मेड्रिड ओपन के क्वार्टर फाइनल में पहुंचने में सफल रहे थे, जहां उन्हें ब्रिटेन के एंडी मरे ने हराया। मरे मेड्रिड ओपन के चैम्पियन बन कर उभरे।

राओनिक ने फ्रेंच ओपन में हिस्सा नहीं लेने की घोषणा ट्विटर के जरिए करते हुए लिखा, “यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि मैं इस साल रोलांड गैरोस में हिस्सा नहीं ले पाऊंगा। मेरी कोशिश ऑपरेशन के बाद जल्द से जल्द ठीक होकर वापसी करने की होगी।”

राओनिक के हिस्सा नहीं लेने की स्थिति में अब विश्व के सातवें वरीयता प्राप्त स्पेन के राफेल नडाल छठे वरीय खिलाड़ी के तौर पर फ्रेंच ओपन में उतरेंगे।

दूसरी ओर, बेनेटाउ भी चोट के कारण पुरुष युगल में अपने जोड़ीदार फ्रांस के एडुवार्ड रोजर-वेसेलिन के साथ अपना खिताब नहीं बचा सकेंगे।

फ्रांस टेनिस महासंघ ने गुरुवार को बेनेटाउ के एकल और युगल वर्ग से नाम वापस लेने के फैसले की घोषणा की।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493