सोचा नहीं था, कभी महेश भट्ट की फिल्म करूंगी : विद्या

मुंबई, 23 मई (आईएएनएस)। अनुभवी फिल्मकार महेश भट्ट की लिखी कहानी पर बनी विशेष फिल्म्स के निर्माण वाली फिल्म ‘हमारी अधूरी कहानी’ में मुख्य भूमिका निभाने वाली अभिनेत्री विद्या बालन का कहना है कि उन्होंने कभी नहीं सोचा था कि वह भट्ट कैंप की फिल्म में काम करेंगी।

विद्या ने शुक्रवार को एक रेडियो स्टेशन में फिल्म के प्रचार के दौरान कहा, “मैंने कभी सोचा भी नहीं था कि अपने करियर में विशेष फिल्म्स के बैनर की फिल्म करूंगी। जिस तरह की फिल्में ये बनाते हैं, वे दूसरी फिल्मों से अलग हटकर होती हैं, इसलिए जब मुझे इस फिल्म में काम करने का प्रस्ताव मिला, तो मैं उत्साह से भर गई।”

मोहित सूरी के निर्देशन में बनी फिल्म में अभिनेता इमरान हाशमी और राजकुमार राव ने भी मुख्य भूमिका निभाई है। कहा जा रहा है कि फिल्म महेश भट्ट के माता-पिता के जीवन से प्रेरित है।

विद्या को इस बात की भी खुशी है कि लंबे समय बाद उन्हें किसी रोमांटिक फिल्म में काम करने का मौका मिला।

उन्होंने कहा, “मैंने फिल्म ‘परिणीता’ के बाद किसी रोमांटिक फिल्म में काम नहीं किया था, लेकिन यह एक खूबसूरत प्रेम कहानी है। मैं इस फिल्म का हिस्सा बनकर खुश हूं, क्योंकि यह कई मायनों में मेरे लिए खास है। एक कारण तो खुद महेश भट्ट साब हैं। मेरे अभिनय क्षेत्र में आने से पहले ही उन्होंने फिल्में निर्देशित करना छोड़ दिया था।”

‘हमारी अधूरी कहानी’ 12 जून को प्रदर्शित हो रही है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493