ह्सिनचू (चीनी ताइपे), 23 मई (आईएएनएस)। भारतीय गोल्फ खिलाड़ी फिरोज सिंह गरेवाल ने 120,000 डॉलर इनामी राशि वाले ऐम्बेसडर एशियन डेवलपमेंट टूर (एडीटी) गोल्फ टूर्नामेंट के तीसरे दौर में शनिवार को प्रदर्शन में सुधार जारी रखते हुए 14 स्थानों की छलांग लगाई और संयुक्त रूप से 18वें स्थान पर पहुंच गए।
पहले दौर में छह ओवर 78 और दूसरे दौर में दो अंडर 70 का स्कोर करने वाले फिरोज ने तीसरे दिन अपने खेल में और सुधार किया तथा तीन अंडर 69 का स्कोर हासिल किया।
सिन फेंग गोल्फ एंड कंट्री क्लब में जारी टूर्नामेंट में फिरोज का कुल स्कोर अब एक-ओवर 217 हो गया है और वह ताइवान के मैन-चैंग सुंग के साथ संयुक्त रूप से 18वें पायदान पर हैं।
दूसरी ओर, स्थानीय खिलाड़ी चैन सिह-चैंग अपना दबदबा कायम रखने में कामयाब रहे और कुल 12 अंडर 204 स्कोर के साथ शीर्ष पर मौजूद हैं। तीसरे दौर में उन्होंने चार अंडर 68 का स्कोर किया।
चैंग से चार शॉट पीछे चल रहे चीनी ताइपे के ही लिन वेन-टैंग दूसरे पायदान पर हैं। लिन के हमवतन सीएह टुंगा-हुंग तीसरे स्थान पर पहुंच गए।
अमेरिका के सैम काइर और मिकाह लॉरेन शिन एडीटी सत्र-2015 के 11वें चरण में क्रमश: चौथे और पांचवें पायदान पर मौजूद हैं।
dharmpath.com dharmpath