पाकिस्तान ने 2 भारतीयों के शव लौटाए (लीड-1)

जम्मू, 24 मई (आईएएनएस)। पाकिस्तान रेंजर्स ने चेनाब नदी से बरामद एक भारतीय महिला और उसके बेटे का शव शनिवार को जम्मू जिले में सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के अधिकारियों को सौंप दिए। अधिकारियों ने रविवार को बताया कि दोनों लगभग एक माह पहले चेनाब नदी में कूद गए थे और बहकर पाकिस्तान पहुंच गए थे।

मृतकों की पहचान राजौरी जिले की नौशेरा तहसील के कलसियसां निवासी सुनील कुमार की पत्नी अनीता चौधरी और उनके करीब तीन साल के बेटे अरुण कुमार के रूप में की गई है। बीएसएफ को उनके शव शनिवार रात सौंपे गए।

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने आईएएसएस को यहां बताया कि मृतक महिला और उसके बेटे के शव बाद में उसके भाई और अन्य रिश्तेदारों को सौंप दिए गए।

बताया जाता है कि अनीता अपने बेटे अरुण के साथ 28 अप्रैल, 2015 को अखनूर इलाके में चेनाब नदी में कूद गई थी। अंदेशा जताया जा रहा है कि महिला ने आत्महत्या की कोशिश की थी, हालांकि अभी इसके कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493