टेनिस : लियांग-चुआंग की जोड़ी ने जीता स्ट्रासबर्ग अंतर्राष्ट्रीय खिताब

स्ट्रासबर्ग (फ्रांस), 24 मई (आईएएनएस)। चीन की महिला टेनिस खिलाड़ी लियांग चेन और चीनी ताइपे की उनकी जोड़ीदार चुआंग चिया-जुंग ने युक्रेन की नाडिया किचेनोक और चीन की झेंग साइसाइ की जोड़ी को हराकर स्ट्रासबर्ग अंतर्राष्ट्रीय टेनिस टूर्नामेंट का महिला युगल खिताब जीत लिया।

समाचार एजेंसी सिन्हुआ के अनुसार लियांग और चुआंग ने शनिवार को युक्रेनी-चीनी जोड़ी को 4-6, 6-4, 7-6(10) से हराया।

गौरतलब है कि विश्व की पांचवीं वरीय खिलाड़ी रह चुकीं चुआंग फिलहाल वरीयता में 71वें पायदान पर हैं। वहीं लियांग अपने करियर के सर्वश्रेष्ठ 62वें पायदान पर हैं।

इस जोड़ी ने तीसरी बार कोई टूर्नामेंट साथ खेला है और यह उनकी दूसरी खिताबी जीत है। इससे पहले यह जोड़ी पिछले साल क्वांगचो ओपन अपने नाम करने में कामयाब रही थी। इसी साल प्राग ओपन में भी इस जोड़ी ने चुनौती पेश की और दूसरे दौर तक पहुंचने में सफल रही।

फ्रेंच ओपन में एक बार फिर यह दोनों खिलाड़ी अपनी अलग-अलग जोड़ीदारों के साथ उतरेंगी।

स्ट्रासबर्ग अंतर्राष्ट्रीय टेनिस टूर्नामेंट का महिला एकल खिताब 31 वर्षीय आस्ट्रेलिया की समांथा स्टोसुर ने जीता। उन्होंने फ्रांस की 22 वर्षीय क्रिस्टिना म्लादेनोविक को मात दी।

स्ट्रासबर्ग अंतर्राष्ट्रीय टेनिस टूर्नामेंट 1987 से आयोजित किया जाता रहा है। क्ले कोर्ट पर खेले जाने वाले इस टूर्नामेंट को पहले स्ट्रासबर्ग ग्रांप्री. के नाम से जाना जाता था।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493