ब्रिजटाउन, 25 मई (आईएएनएस)। वेस्टइंडीज के दिग्गज बल्लेबाज शिवनारायण चंद्रपॉल को अगले महीने होने वाले आस्ट्रेलियाई दौरे के लिए घोषित कैरेबियाई टीम में शामिल नहीं किया गया है।
इसके साथ ही वेस्टइंडीज के सफलतम बल्लेबाजों में शुमार चंद्रपॉल के 21 वर्षो के करियर का इसी के साथ समापन माना जा रहा है।
समाचार एजेंसी सीएमसी के अनुसार, वेस्टइंडीज की चयन समिति के अध्यक्ष क्लाइव लॉयड ने रविवार को कहा कि 40 वर्षीय चंद्रपॉल के प्रदर्शन में पिछले वर्ष से तेजी से गिरावट आई है, जिसे देखते हुए उन्होंने कैरेबियाई क्रिकेट के भविष्य के बारे में फैसला लिया है।
लॉयड ने बताया कि टीम से बाहर रखने के फैसले से चंद्रपॉल को सूचित कर दिया गया है।
लॉयड ने कहा, “काफी समय से हम उनके फॉर्म में गिरावट देख रहे हैं और पिछली 11 पारियों में उन्होंने मात्र 16 के औसत से रन बनाए हैं। अब युवा खिलाड़ियों पर विचार करने का समय आ गया है, इसीलिए उन्हें टीम से बाहर किया गया।”
लॉयड ने आगे कहा, “मुझे नहीं लगता कि पिछले इन्हीं कुछ मैचों में वह खराब खेले। यह काफी समय से चला आ रहा है। मैं भारत और दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ श्रृंखलाओं में उनके प्रदर्शन पर नजर रखी और वह उम्मीद के अनुरूप प्रदर्शन नहीं कर सके।”
उल्लेखनीय है कि चंद्रपॉल वेस्टइंडीज क्रिकेट के इतिहास में दिग्गज ब्रायन लारा के बाद रन बनाने के मामले में दूसरे स्थान पर हैं। चंद्रपॉल के नाम वेस्टइंडीज की ओर से सर्वाधिख 164 टेस्ट मैच खेलने का रिकॉर्ड है।
चंद्रपॉल ने टेस्ट करियर में 51 के औसत से 11,867 रन बनाए तथा लारा से मात्र 86 रन पीछे रह गए हैं।
dharmpath.com dharmpath