अर्पिता की शादी के रिसेप्शन में पहुंचे सलमान

मंडी, 25 मई (आईएएनएस)। बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान सोमवार को अपनी बहन के रिसेप्शन समारोह में पहुंचे। यहां पर उन्होंने स्थानीय पकवानों का स्वाद चखा और हिमाचली संस्कृति का आनंद लिया। इस दौरान उन्होंने हिमाचली गानों पर नृत्य किया और वहां पर मौजूद लोगों को झूमने पर मजबूर कर दिया।

सलमान खान के साथ इस दौरान उनके भाई सोहेल खान भी मौजूद थे। वह अपनी छोटी बहिन अर्पिता की शादी के रिसेप्शन समारोह में शामिल होने के लिए मंडी पहुंचे थे।

रिसेप्शन समारोह स्थल पर मौजूद लोगों से बातचीत करते हुए सलमान खान ने कहा, “मैं यहां पर अपनी बहिन आपको सौंपने आया हूं, जो कि मेरा दिल है।”

उन्होंने कहा, “मैंने सुना है कि हिमाचल के लोग बहुत अच्छे हैं और मंडी के स्थानीय लोग भी। अच्छे लोगों को अपने पास देखकर मुझे बहुत खुशी होती है। अब हिमाचल प्रदेश और मंडी के लोगों से मेरा रिश्ता बन गया है। मैं जो कुछ भी आप सभी के लिए कर सकूंगा करूंगा।”

अर्पिता की शादी आयुष शर्मा से हुई है। आयुष राज्य के ग्रामीण विकास मंत्री अनिल शर्मा के बेटे हैं। अर्पिता और आयुष 18 नवंबर को शादी के बंधन में बंधे थे।

अनिल शर्मा ने आईएएनएस से कहा, “सलमान खान के आने से हम सम्मानित महसूस कर रहे हैं और बहू के पहली बार घर आने पर बहुत उत्साहित हूं।”

समारोह में बहू और बेटे का स्वागत करने के लिए पारंपरिक सामुदायिक दावत का आयोजन किया गया। इस सामुदायिक दावत को स्थानीय भाषा में धाम कहते हैं। इस समारोह में 10,000 लोगों को निमंत्रित किया गया था।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493