नई दिल्ली, 26 मई (आईएएनएस)। निर्देशक आनंद एल. राय ने अब जाकर राहत की सांस ली है। उनकी हालिया प्रदर्शित फिल्म ‘तनु वेड्स मनु रिट्नर्स’ ने पहले सप्ताहांत में 38.10 करोड़ रुपये की जबर्दस्त कमाई की है।
यह फिल्म ‘तनु वेड्स मनु'(2011)का सीक्वल है, जिसमें कंगना रनौत, तनु और उसकी जुड़वा दत्तो के किरदार में है।
फिल्म व्यापार विश्लेषक तरण आदर्श के अनुसार, 22 मई को रिलीज हुई ‘तनु वेड्स मनु रिट्नर्स’ ने पहले दिन बॉक्स ऑफिस पर 8.85 करोड़ रुपये कमाए। इसके बाद शनिवार और रविवार को क्रमश: 13.20 एवं 16.10 करोड़ रुपये कमाए, इसके साथ ही पहले सप्ताहांत की इसकी कुल कमाई 38.10 करोड़ रुपये पहुंच गई।
‘तनु वेड्स मनु रिट्नर्स’ की कहानी वहां से शुरू होती है, जहां ‘तनु वेड्स मनु’ का अंत हुआ था।
फिल्म के निर्देशक आनंद एल. राय ने आईएएनएस को बताया, “मैं राहत महसूस कर रहा हूं। सीक्वल को लेकर एक दवाब था, लेकिन फिल्म को जिस तरह की प्रतिक्रिया मिली है, मैं उससे अभिभूत हूं। फिल्म के छोटे-छोटे किरदारों ने एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। मैं हमेशा से मानता आया हूं कि फिल्म का हर किरदार बेहद महत्वपूर्ण है।”
dharmpath.com dharmpath