शारापोवा को जीत के बावजूद झेलनी पड़ी दर्शकों की नाराजगी

पेरिस, 26 मई (आईएएनएस)। मौजूदा चैम्पियन रूस की टेनिस स्टार मारिया शारापोवा फ्रेंच ओपन के पहले दौर में आसान जीत के साथ दूसरे दौर में प्रवेश करने में सफल रहीं, लेकिन कोर्ट में साक्षात्कार देने से मना करने पर उन्हें दर्शकों की नाराजगी झेलनी पड़ी।

दूसरी वरीय शारापोवा ने सोमवार को फिलिप कार्टियर कोर्ट पर हुए पहले दौर के मुकाबले में इस्तोनिया की काइया कानेपी को 6-2, 6-4 से हराकर दूसरे दौर में जगह बना ली।

शारापोवा 2012 और 2014 में दो बार फ्रेंच ओपन खिताब जीत चुकी हैं।

समाचार एजेंसी सिन्हुआ के अनुसार, मैच के बाद हालांकि जब उद्घोषक ने बताया कि शारापोवा अपनी खराब आवाज के कारण साक्षात्कार नहीं देना चाहतीं तो स्टेडियम में मौजूद दर्शकों ने नाराजगी जताते हुए बाहर जाने का रास्ता बाधित कर दिया।

इस पर शारापोवा ने हंसते हुए कहा, “मैं टूर्नामेंट से कुछ सप्ताह पहले से ही बीमार चल रही हूं। इसलिए मेरे खयाल से मेरी जीत बेहतर रही। मैं धीरे-धीरे स्वस्थ हो रही हूं और उम्मीद करती हूं कि मैं जल्द ही ठीक हो जाऊंगी।”

उन्होंने कहा, “कुल मिलाकर मैं खुश हूं कि मैं इससे उबर आई और आज का दिन बेहतर रहा। मैं आने वाले दिनों में और बेहतर होती जाऊंगी।”

शारापोवा ने हालांकि दर्शकों की नाराजगी का बुरा नहीं माना और कहा, “मैं परिस्थिति को समझ सकती हूं। सभी मैच के बाद साक्षात्कार देते हैं और दर्शकों के कुछ सवालों का जवाब देते हैं। यह सामान्य प्रतिक्रिया है। मैं नहीं कर सकती, मैं हालांकि इसके लिए कोई बहाना नहीं बना रही, लेकिन मुझे जो करना चाहिए मैं वही करूंगी।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493