मंत्रालय ने साई को सौंपी पैरा एथलेटिक्स की बागडोर

नई दिल्ली, 26 मई (आईएएनएस)। खेल मंत्रालय ने मंगलवार को पैरा एथलेटिक्स की जिम्मेदारी सीधे-सीधे भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) को सौंप दी।

अब साई ही पैरा एथलेटिक्स से जुड़े सारे मामलों की देखरेख करेगा, जिसमें विभिन्न प्रतियोगिताओं के लिए पैरा खिलाड़ियों का चयन भी शामिल है।

15वें राष्ट्रीय पैरा एथलेटिक्स चैम्पियनशिप के दौरान पैरा खिलाड़ियों के प्रति गंभीर लापरवाही बरते जाने और कुप्रबंधन के बाद अंतर्राष्ट्रीय पैरालम्पिक समिति (आईपीसी) द्वारा भारतीय पैरालम्पिक समिति (पीसीआई) को निलंबित किए जाने के कारण ऐसा करना पड़ा।

मंत्रालय द्वारा जारी वक्तव्य के अनुसार, “खेल मंत्रालय ने निर्णय लिया है कि पैरा एथलीटों से जुड़े सारे मामले, जिसमें विभिन्न प्रतियोगिताओं के लिए खिलाड़ियों का चयन, प्रशिक्षण शिविरों का आयोजन और अंतर्राष्ट्रीय टूर्नामेंटों में पैरा खिलाड़ियों का पंजीकरण शामिल है, अगला आदेश जारी होने तक साई के अधीन होंगे।”

पीसीआई के निलंबन के आशय है कि भारतीय पैरा खिलाड़ी अगले वर्ष होने वाले रियो ओलम्पिक सहित आईपीसी द्वारा मान्यता प्राप्त एवं आयोजित प्रतियोगिताओं में भारतीय झंडे के तले हिस्सा नहीं ले सकेंगे।

खेल मंत्रालय ने हालांकि इसी महीने में इससे पहले भारतीय खिलाड़ियों को तिरंगे के तले विभिन्न अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेने की अनुमति देने का आईपीसी से आग्रह किया था।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493