चेन्नई, 26 मई (आईएएनएस)। लॉजिस्टिक्स कंपनी टीवीएस लॉजिस्टिक्स सर्विसिस लिमिटेड ने मंगलवार को कहा कि उसने टाटा समूह की कंपनी ‘ड्राइव इंडिया एंटरप्राइज सोल्यूशंस लिमिटेड’ (डीआईईएसएल) का अधिग्रहण कर लिया है। साथ ही टाटा ऑपोर्चुनिटीज फंड ने भी टीवीएस समूह की कंपनी में अल्पमत हिस्सेदारी लेकर अधिग्रहण के लिए वित्त जुटाने में मदद पहुंचाई है।
डीआईईएसएल में टाटा इंडस्ट्रीज और टाटा इंटरनेशनल की बराबर की हिस्सेदारी है।
टीवीएस लॉजिस्टिक्स के प्रबंध निदेशक आर. दिनेश ने यहां संवाददाताओं से कहा, “अधिग्रहण से कंपनी का कुल कारोबार करीब 4,000 करोड़ रुपये का हो जाएगा। इसके साथ ही कंपनी वाहन तथा गैर वाहन क्षेत्रों के लिए एंड-टू-एंड समाधान प्रदाता बन जाएगी।”
टीवीएस लॉजिस्टिक्स का कुल कारोबार अभी 3,000 करोड़ रुपये का और डीआईईएसएल का 950 करोड़ रुपये का है।
दिनेश ने कहा कि टाटा ऑपोर्चुनिटीज फंड टीवीएस लॉजिस्टिक्स में अल्पमत हिस्सेदारी 250 करोड़ रुपये में खरीदेगी।
इस हिस्सेदारी के साथ ही टीवीएस लॉजिस्टिक्स का कारोबार उपभोक्ता टिकाऊ वस्तु, तेज खपत उपभोक्ता वस्तु, रिटेल, प्रौद्योगिकी, दूरसंचार और अन्य क्षेत्रों में फैल जाएगा।
टाटा ऑपोर्चुनिटीज फंड के प्रबंध साझेदार पद्मनाभ सिंघा ने कहा कि फंड टीवीएस लॉजिस्टिक्स में और निवेश कर सकती है और सही समय पर इससे बाहर भी निकल सकती है।
dharmpath.com dharmpath