मुंबई, 30 मई (आईएएनएस)। जाने-माने अभिनेता और निर्माता अमोल पालेकर डॉक्टरों के जीवन पर आधारित धारावाहिक से छोटे पर्दे पर वापसी करेंगे। वह कहते हैं कि यह एक सार्थक विषय था, जिसने उन्हें लगभग एक दशक बाद टेलीविजन पर वापसी को प्रेरित किया।
‘गोलमाल’ और ‘बातों बातों में’ जैसी फिल्मों के लिए जाने-जाने वाले अमोल ने एक बयान में कहा, “मैंने हमेशा समाज परक और सार्थक सिनेमा में यकीन किया है। मुझे धारावाहिक का विषय अनोखा और सामाजिक रूप से आकर्षित करने वाला लगा।”
यह धारावाहिक चिकित्सा प्रणाली को ईमानदार रूप देकर इसके आसपास फैली नकारात्मकता को दूर करने का प्रयास करेगा।
‘कच्ची धूप’ और ‘करीना करीना’ जैसे धारावाहिकों में नजर आ चुके अमोल इसमें एक जाने-माने चिकित्सक की भूमिका निभाएंगे, जो अपने पेशे में हमेशा सही चीजों के लिए आगे खड़ा रहता है।
वह धारावाहिक की मुख्य नायिका (पूजा गौर) के दादा जी की भूमिका में होंगे, जो चिकित्सक के तौर पर पूजा के सफर में उसका मार्गदर्शन करते हैं।
यह लाइफ ओके चैनल पर प्रसारित होगा। इसका नाम अस्थायी तौर पर ‘रोशनी’ रखा गया है।
dharmpath.com dharmpath