सिंगापुर, 30 मई (आईएएनएस)। सिंगापुर में शनिवार को भारतीय मूल के एक व्यक्ति और तीन अन्य व्यक्तियों पर दक्षिण पूर्व एशियाई (एसईए) खेलों के एक फुटबाल मैच को फिक्स करने की साजिश रचने का आरोप लगाया गया है।
समाचार चैनल ‘न्यूज एशिया’ के अनुसार, सिंगापुर में बस चुके भारतीय मूल के 55 वर्षीय राजेंद्रन आर. कुरुसामी पर तिमोर लेस्टे फुटबाल महासंघ के निदेशक ऑरलैंडो मार्कीज हेनरिक्स मेंडेस को एसईए खेलों में मलेशिया के खिलाफ अपनी टीम को हारने के एवज में 11,130 डॉलर देने के लिए सहमति जताने का आरोप है।
राजेंद्रन ने हालांकि अपने ऊपर लगे आरोप से इनकार किया है।
ऑरलैंडो एसईए खेलों में हिस्सा ले रही तिमोर लेस्टे फुटबाल टीम के मैनेजर भी हैं। अदालत में पेश किए गए दस्तावेजों के अनुसार, राजेंद्रन 28 मई को सिंगापुर के ऑर्चिड कंट्री क्लब में ऑरलैंडो से मिले थे।
ऑरलैंडो पर भी मैच हारने के लिए रुपया स्वीकार करने का आरोप है। दो अन्य व्यक्तियों पर भी इस षड्यंत्र में संलिप्त रहने का आरोप है।
साजिश में शामिल दो अन्य व्यक्तियों में तिमोर लेस्टे फुटबाल टीम के खिलाड़ी मोइसेस नतालिनो डी जीसस और इंडोनेशिया के खिलाड़ी नसीरुद्दीन शामिल हैं।
चारों आरोपियों को एक सप्ताह के हिरासत में भेज दिया गया है। अगर वे दोषी पाए जाते हैं तो उन्हें पांच वर्ष की कैद और 100,000 सिंगापुरी डॉलर का जुर्माना लग सकता है।
dharmpath.com dharmpath