फ्रेंच ओपन : सेरेना क्वार्टर फाइनल में, शारापोवा उलटफेर की शिकार (लीड-1)

पेरिस, 1 जून (आईएएनएस)। सर्वोच्च विश्व वरीयता प्राप्त अमेरिकी दिग्गज सेरेना विलियम्स ने वर्ष के दूसरे ग्रैंड स्लैम टेनिस टूर्नामेंट फ्रेंच ओपन के नौवें दिन सोमवार को महिला एकल वर्ग के क्वार्टर फाइनल में प्रवेश कर लिया, हालांकि मौजूदा चैम्पियन रूस की टेनिस स्टार मारिया शारापोवा उलटफेर का शिकार हो टूर्नामेंट से बाहर हो गईं।

सेरेना अब क्वार्टर फाइनल में 17वीं वरीय इटली की सारा ईरानी और सफारोवा, स्पेन की गारबाइन मुगुरुजा का मुकाबला करेंगी।

फिलिप काट्रियर कोर्ट पर हुए महिला एकल वर्ग के चौथे दौर के मैच में सेरेना ने हमवतन स्लोआने स्टीफेंस को 1-6, 7-5, 6-3 से मात दी।

दो बार रोलां गैरो की लाल बजरी पर खिताब जीत चुकीं सेरेना को स्लोआने ने पहले सेट में झटका देते हुए एकतरफा मुकाबले में मात दे दी। स्लोआने की इस जीत ने 2013 के आस्ट्रेलियन ओपन में स्लोआने और सेरेना के बीच हुए मुकाबले की याद दिला दी।

उस मैच में स्लोआने ने सेरेना को मात दे दी थी। लेकिन 19 ग्रैंड स्लैम जीत चुकीं सेरेना ने दूसरे सेट में संघर्षपूर्ण वापसी की और स्कोर 1-1 से बराबरी पर ला दिया।

एक बार मैच में वापसी करने के बाद सेरेना तीसरे सेट में अपनी पूरी रौ में दिखीं। चार एस और 11 विनर्स के साथ सेरेना ने आसानी से तीसरा सेट अपने नाम कर लिया और दिन का दूसरा बड़ा उलटफेर नहीं होने दिया।

सारा ईरानी ने सोमवार को ही कोर्ट-1 पर हुए मैच में जर्मनी की जूलिया जॉर्ज्स को सीधे सेटों में 6-2, 6-2 से हराकर क्वार्टर फाइनल में प्रवेश कर लिया।

मैच में एक एस और पांच के मुकाबले 23 विनर्स लगाने वाली जॉर्ज्स को 45 गैरवाजिब गलतियां करने का नुकसान उठाना पड़ा। जॉर्ज्स जहां नेट पर जबरदस्त रहीं, वहीं ईरानी ने पहली सर्विस पर अधिकतर अंक हासिल किए।

इससे पहले 13वीं वरीय चेक गणराज्य की लूसी सफारोवा ने बड़ा उलटफेर करते हुए फिलिप काट्रियर कोर्ट में ही हुए महिला एकल वर्ग के चौथे दौर के मुकाबले में शारापोवा को सीधे सेटों में 7-6(3), 6-4 से मात दे दी।

सफारोवा ने टाई ब्रेकर तक खिंचे पहले सेट में दूसरी वरीय शारापोवा को चौंका दिया। पहले सेट में मिली जीत से उत्साहित सफारोवा ने दूसरे सेट में अपने प्रदर्शन में और सुधार किया और फोरहैंड के जरिए विनर लगाकर यह सेट भी अपने नाम कर लिया।

मैच के बाद शारापोवा ने कहा, “ऐसा लग रहा है कि मैंने शुरुआत धीमी की और कुछ अहम अंक अर्जित करने से चूक गई।”

शारापोवा ने कहा, “मैं आज (सोमवार) अपने खेल का स्तर बनाए रखने में असफल रही। वह (सफारोवा) लंबे समय तक ऐसा करने में सफल रहीं। वह काफी आक्रामक रही और मुझसे मैच छीन लिया।”

सफारोवा ने इसके साथ ही करियर में तीसरी बार किसी ग्रैंड स्लैम के क्वार्टर फाइनल में प्रवेश करने में सफलता पाई। इससे पहले सफारोवा आस्ट्रेलियन ओपन-2007 में क्वार्टर फाइनल तक और विंबलडन-2014 में सेमीफाइनल तक का सफर तय कर सकी थीं।

सफारोवा को अब क्वार्टर फाइनल में 21वीं वरीय गारबाइन मुगुरुजा का सामना करना होगा।

पिछले वर्ष रोलां गैरो में सर्वोच्च विश्व वरीयता प्राप्त अमेरिकी टेनिस स्टार सेरेना विलियम्स को हराकर चर्चा में आईं मुगुरुजा ने चौथे दौर में फ्लाविया पेनेटा को 6-3, 6-4 से हराकर क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493