मुंबई, 2 जून (आईएएनएस)। भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) ने मंगलवार को मौद्रिक नीतिगत समीक्षा बैठक में ब्याज दरों में 25 आधार अंकों की कटौती की है। ब्याज दरों में कटौती के साथ ही ईएमआई दरें कम हो सकती हैं।
मौजूदा वित्तीय वर्ष की द्वैमासिक मौद्रिक नीति समीक्षा में आरबीआई गवर्नर रघुराम राजन ने वर्तमान और उभरती व्यापक आर्थिक स्थिति के आंकलन के आधार पर रेपो दर में 7.25 प्रतिशत कटौती करने का निर्णय लिया।
रेपो दर वह दर होती है, जिस पर रिजर्व बैंक वाणिज्यिक बैंकों को छोटी अवधि के लिए ऋण देता है। मौद्रिक समीक्षा से पहले रेपो दर 7.5 थी।
गवर्नर राजन ने एक बयान में कहा, “रिवर्स रेपो दर भी 25 आधार अंक घटकर 6.25 प्रतिशत हो गई है, जबकि एमएसएफ दर एवं बैंक दर में कोई कटौती नहीं की गई है और यह 8.25 प्रतिशत पर बरकरार है।”
इसके साथ ही नकद आरक्षी अनुपात (सीआरआर) को भी बिना बदलाव के चार प्रतिशत पर स्थिर रखा गया है।
dharmpath.com dharmpath