मुंबई, 2 जून (आईएएनएस)। भारतीय टेस्ट टीम के नवनियुक्त कप्तान विराट कोहली ने रवि शास्त्री को बांग्लादैश दौरे के लिए टीम का निदेशक बनाए रखने के फैसले का समर्थन करते हुए सोमवार को कहा कि शास्त्री का टीम के साथ बने रहना टीम का हौसला बढ़ाने वाला फैसला है।
वेबसाइट ‘क्रिकइंफो डॉट कॉम’ के अनुसार, पिछले वर्ष इंग्लैंड दौरे पर टीम के निदेशक नियुक्त किए गए शास्त्री का कार्यकाल बांग्लादेश दौरे तक के लिए बढ़ा दिया गया है।
कोहली ने कहा, “वह ऐसे व्यक्ति हैं जो जिम्मेदारियों से नहीं भागते। वह आलोचनाओं को भी आगे बढ़कर झेलते हैं और हमेशा आगे बढ़ते रहने के बारे में सोचते हैं।”
क्रिकेट मंथली को दिए साक्षात्कार में कोहली ने कहा, “वह किसी विचार को लेकर भ्रम में नहीं रहते। इस समय टीम के साथ जुड़े लोगों में वह सबसे ऊर्जावान व्यक्ति हैं, क्योंकि भारतीट टेस्ट टीम इस समय काफी युवा है और वह टीम का काफी आत्मविश्वास बढ़ाते हैं। उनमें प्रभावित करने वाली बात है और जब वह कुछ कहते हैं तो लोग सम्मान के साथ उन्हें सुनते हैं।”
कोहली ने आगे कहा, “टीम के साथ उन्हें पाकर हम बेहद खुश हैं, भले ही वह उसी पद पर नियुक्त किए गए हों। टीम के साथ उनके होने भर से हमारा मनोबल बढ़ाने वाला है। मुख्य कोच की नियुक्ति या इस पद पर कौन हो और क्या करना चाहिए जैसे विषयों पर जब हम बैठेंगे तो चर्चा करेंगे।”
dharmpath.com dharmpath